summer express, गुरुग्राम। सोहना एलिवेटेड रोड पर शुक्रवार सुबह धीमी रफ्तार से चल रही कार के कारण कई वाहन आपस में टकरा गए। हादसा इतना जोरदार था कि टक्कर के बाद तीनों वाहनों के एयरबैग खुल गए। दुर्घटना में टाटा नेक्सोन कार का चालक घायल हो गया, जिसके सीने में चोट आई है। हादसे के कारण सड़क पर यातायात बाधित हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने घायल चालक को निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया और क्षतिग्रस्त गाड़ियों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कराया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह एक स्विफ्ट कार गुरुग्राम से सोहना की ओर जा रही थी। सोहना एलिवेटेड रोड पर यह कार बेहद धीमी गति से चल रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रही एक कैब ने उसे ओवरटेक करने का प्रयास किया, लेकिन दोनों वाहनों की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों गाड़ियों के एयरबैग खुल गए। इसके बाद दोनों वाहनों के चालक सड़क किनारे हो गए, जबकि क्षतिग्रस्त गाड़ियां रास्ते में ही खड़ी रहीं।
इसी बीच पीछे से आ रही टाटा नेक्सोन कार का चालक किसी अन्य वाहन को ओवरटेक करने लगा। सड़क के बीच खड़ी क्षतिग्रस्त गाड़ियों पर उसकी नजर नहीं पड़ी और नेक्सोन भी उनसे टकरा गई। इस दूसरी टक्कर में नेक्सोन के एयरबैग भी खुल गए और उसका चालक घायल हो गया। उसके सीने में चोट लगने की बात सामने आई है।
हादसे के बाद सोहना एलिवेटेड रोड पर यातायात प्रभावित हो गया। मौके पर मौजूद वाहन चालकों और अन्य लोगों ने घायलों की मदद की और पुलिस को सूचना दी। घायल नेक्सोन चालक को निजी वाहन से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। इसके बाद लोगों ने क्षतिग्रस्त गाड़ियों को धक्का देकर सड़क किनारे किया, जिससे यातायात दोबारा सुचारू हो सका।
सूचना मिलने पर स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, घायल चालक के बयान दर्ज करने के लिए एक पुलिसकर्मी को अस्पताल भेजा गया है। बयान मिलने के बाद मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।