हरियाणा | हरियाणा में इस बार मानसून ने रिकॉर्ड तोड़ बारिश की है। 1 जून से 16 जुलाई के बीच प्रदेश में सामान्य से 38% ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। जहां एक ओर 14 जिलों में सामान्य से ज्यादा पानी बरसा है, वहीं 8 जिलों में अब भी बारिश की कमी बनी हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार, इस अवधि में जहां आमतौर पर 128.7 मिमी बारिश होती है, वहां अब तक 178.2 मिमी बारिश हो चुकी है।
फसलों को भारी नुकसान
हिसार, सिरसा, झज्जर और रोहतक जैसे जिलों में तेज बारिश से खेतों में जलभराव हो गया है, जिससे खड़ी फसलें डूब गई हैं। किसान चिंतित हैं क्योंकि लगातार पानी से फसलों के खराब होने का खतरा बढ़ गया है।
बारिश से हादसे भी बढ़े
- सिरसा के गांव पन्नीवाला मोरिकां में एक मकान की छत गिरने से दंपति घायल हो गया।
- ओढ़ा गांव में मजदूर सुखा के घर की छत गिरी, हालांकि पत्नी और दो बेटियां बाल-बाल बच गईं।
- मौजूखेड़ा में एक विधवा महिला कृष्णा देवी का घर गिरा, सारा सामान मलबे में दब गया।
24 घंटे का बारिश बुलेटिन
राज्य के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई:
- सिरसा: 36.6 मिमी
- हिसार: 17.1 मिमी
- फरीदाबाद: 20.5 मिमी
- गुरुग्राम: 4.5 मिमी
- अम्बाला: 8.4 मिमी
अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने 17, 21 और 22 जुलाई को लेकर तेज बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। 20 जुलाई तक मानसून एक्टिव बना रहेगा।