समर न्यूज | कपूरथला
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने नशे के मुद्दे पर पंजाब को बदनाम करने की कोशिश करने वालों को जवाब देते हुए भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार से सवाल किया है कि गुजरात और देश के अन्य हिस्सों के बंदरगाहों के जरिए नशीले पदार्थों की आपूर्ति कैसे जारी रही। उन्होंने कहा कि केंद्र और गुजरात, दोनों जगह भाजपा की सरकार होने के बावजूद नशा तस्करी पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाने में नाकामी के बारे में स्पष्ट जवाब दिया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि जो लोग नशे की समस्या को लेकर पंजाब पर अंगुली उठा रहे हैं, उन्हें पहले अपने राज्यों में इस समस्या से निपटने के अपने रिकॉर्ड पर नजर डालनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नशा तस्करी एक राष्ट्रीय समस्या है और इसे किसी एक राज्य तक सीमित करके नहीं देखा जाना चाहिए।
राजनीतिक प्रचार पर आपत्ति: मान ने कहा कि नशे के मुद्दे पर राजनीतिक प्रचार के जरिए पंजाब की छवि खराब करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने उन लोगों से अपनी नाकामियों का जवाब देने को कहा, जो अपने राज्यों में नशे की समस्या से प्रभावी ढंग से निपटने में असफल रहे हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार, नशा तस्करी से निपटने के लिए प्रभावी कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने कहा कि पंजाब को निशाना बनाने के बजाय इस समस्या से निपटने में सभी संबंधित सरकारों को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।