Summer express/सिरमौर-:सिरमौर और शिमला जिले की सीमा पर स्थित कुपवी क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में हमीरपुर जिले के 12वीं कक्षा के छात्र आयुष कौंडल की जान चली गई। आयुष 67वीं राज्य स्तरीय अंडर-19 छात्र खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लेने के बाद अपने साथियों के साथ घर लौट रहा था। हादसा कुपवी से करीब तीन किलोमीटर दूर धार च्यामा के पास हुआ।प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नाल्टी, जिला हमीरपुर की टीम प्रतियोगिता समाप्त होने के बाद बस से वापस लौट रही थी। इसी दौरान धार च्यामा के पास पहाड़ी और संकरे रास्ते से गुजरते समय बस में खिड़की के पास बैठे आयुष ने अपना सिर बाहर निकाला। तभी उसका सिर सड़क किनारे लगे एक खंभे से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर बस के अंदर गिर पड़ा।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे के बाद बस में मौजूद शिक्षकों और विद्यार्थियों ने घायल छात्र को अस्पताल पहुंचाने के लिए तुरंत मदद जुटाई। एंबुलेंस और स्थानीय वाहनों की सहायता से आयुष को नागरिक अस्पताल कुपवी ले जाया गया। हालांकि, सिर में गंभीर चोट लगने और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी हालत बेहद नाजुक हो गई थी। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार और विद्यालय में शोक की लहर
मृतक की पहचान आयुष कौंडल पुत्र हुकम सिंह के रूप में हुई है। वह हमीरपुर जिले की तहसील के गांव बखरोटी, डाकघर लज्या का निवासी था। खेल प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर लौट रहे छात्र की अचानक हुई मौत से उसके परिवार और विद्यालय में मातम पसरा हुआ है। वहीं, इस घटना से उसके पैतृक क्षेत्र और खेल जगत में भी शोक का माहौल है।
पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सहित अन्य आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।