Summer express, लुधियाना। शादी के कुछ ही दिनों बाद ससुराल में कथित अपमान और मानसिक प्रताड़ना से परेशान एक नवविवाहित युवक द्वारा जहरीला पदार्थ निगलने के बाद मौत होने का मामला सामने आया है। युवक ने जहरीली दवा निगल ली थी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कई दिनों तक उपचार के बाद उसकी मौत हो गई। मृतक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने उसकी पत्नी, सास, ससुर और रिश्ते की बिचौलन के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
मृतक के पिता पृथी सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनके बेटे हरदीप सिंह की शादी 20 सितंबर को प्रभजोत कौर के साथ धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार हुई थी। शादी के तीन दिन बाद, 23 सितंबर को हरदीप अपनी पत्नी के साथ उससे मिलने उसके मायके गांव घवद्दी गया था। पिता का आरोप है कि वहां ससुराल पक्ष के लोगों ने उसका स्वागत करने के बजाय उसके साथ दुर्व्यवहार किया और अपमानजनक शब्द कहे।
शिकायत के मुताबिक, रिश्ते की बिचौलन बलजिंदर कौर उर्फ राणो, पत्नी प्रभजोत कौर, सास और ससुर जगरूप सिंह ने कथित तौर पर एक साथ मिलकर हरदीप को अपमानित किया। आरोप है कि उसके मान-सम्मान और चरित्र को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं। पिता के अनुसार, इस घटना से हरदीप मानसिक रूप से परेशान हो गया था और ससुराल पक्ष के कथित व्यवहार से आहत था।
पृथी सिंह ने बताया कि हरदीप ने घर में रखी जहरीली दवा निगल ली। उसकी हालत बिगड़ने और मुंह से झाग निकलने पर परिजन घबरा गए और उसे तुरंत मंडी अहमदगढ़ स्थित हिंद अस्पताल ले गए। वहां गंभीर हालत में उसे गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
युवक की मौत के बाद परिवार में मातम छा गया। अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करवाई। पुलिस ने मृतक के पिता के बयानों के आधार पर पत्नी प्रभजोत कौर, सास, ससुर जगरूप सिंह और बलजिंदर कौर उर्फ राणो के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की भूमिका और शिकायत में लगाए गए आरोपों की सत्यता की पड़ताल की जा रही है। पुलिस की टीमें नामजद आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।