Summer express/हमीरपुर, अरविंद- :हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में माथा टेकने वाले श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर है। अब बाबा जी के भक्त भारत ही नहीं, बल्कि विदेश में बैठकर भी ऑनलाइन ऑर्डर के जरिए मंदिर का प्रसाद अपने घर मंगवा सकेंगे। मंदिर ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अपनी वेबसाइट को अपग्रेड कर ऑनलाइन प्रसाद उपलब्ध करवाने की व्यवस्था शुरू की है। इससे उन भक्तों को विशेष लाभ मिलेगा, जो किसी कारणवश मंदिर नहीं पहुंच पाते हैं।मंदिर ट्रस्ट की ओर से प्रसाद का एक विशेष बॉक्स तैयार किया गया है, जिसकी कीमत 1100 रुपये रखी गई है। इस बॉक्स में बाबा बालक नाथ जी का रोट, विभूति, झंडा, तिलक सहित पांच से छह प्रकार की सामग्री उपलब्ध होगी। श्रद्धालु मंदिर की वेबसाइट के माध्यम से प्रसाद का ऑर्डर कर सकेंगे। हालांकि, इसकी डिलीवरी और ऑर्डर से संबंधित विस्तृत जानकारी वेबसाइट पर उपलब्ध व्यवस्था के अनुसार प्राप्त की जा सकेगी।
बाबा बालक नाथ मंदिर में हर साल देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। विशेष रूप से मार्च और अप्रैल के दौरान करीब एक महीने तक चलने वाले मेले में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है। कई श्रद्धालु मंदिर में दर्शन करने के बावजूद प्रसाद प्राप्त नहीं कर पाते, जबकि बड़ी संख्या में ऐसे भक्त भी हैं, जो दूरी या अन्य कारणों से दियोटसिद्ध नहीं पहुंच सकते। ऐसे में ऑनलाइन प्रसाद की सुविधा शुरू होने से उनकी लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होगी।प्रसाद की गुणवत्ता को लेकर भी मंदिर ट्रस्ट विशेष सावधानी बरतेगा। ऑनलाइन ऑर्डर के तहत भेजे जाने वाले प्रसाद की फूड टेस्टिंग करवाई जाएगी। गुणवत्ता जांच की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही इसे श्रद्धालुओं तक भेजने की व्यवस्था रहेगी।मंदिर ट्रस्ट की अध्यक्ष एवं हमीरपुर की डीसी गंधर्व राठौर ने बताया कि श्रद्धालु लंबे समय से बाबा जी का प्रसाद ऑनलाइन मंगवाने की मांग कर रहे थे। इसी को ध्यान में रखते हुए यह सुविधा शुरू की गई है। 1100 रुपये के बॉक्स में पांच से छह प्रकार की प्रसाद सामग्री रखी जाएगी, ताकि भक्त घर बैठे बाबा जी का प्रसाद प्राप्त कर सकें।