Summer express, लुधियाना। लुधियाना में अपराध और सरेआम गोलीबारी की घटनाओं ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर के प्रसिद्ध पंडित कुलचे-छोले के संचालक के बेटे राहुल शर्मा की बुधवार देर रात जन्मदिन की पार्टी के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने राहुल पर दो गोलियां चलाईं, जिनमें एक उसकी छाती और दूसरी पीठ में लगी। गंभीर रूप से घायल राहुल को दयानंद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विवाद के बाद राहुल पर चलाईं गोलियां
परिजनों के अनुसार, राहुल शर्मा बुधवार रात अपनी सफेद स्कॉर्पियो गाड़ी लेकर घर से निकला था। उसने परिवार को बताया था कि वह दोस्तों के साथ जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने जा रहा है। देर रात पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर राहुल की वहां मौजूद कुछ युवकों से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि दूसरे पक्ष के युवकों ने हथियार निकालकर राहुल पर गोली चला दी।
वारदात फुल्लांवाल चौक से जे-ब्लॉक मॉल की ओर जाने वाली सड़क पर हुई। हमलावरों की ओर से चलाई गई दो गोलियां राहुल को लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पार्टी में मौजूद कुछ दोस्त उसे तत्काल डीएमसी अस्पताल लेकर पहुंचे।
परिजनों के मुताबिक, रात करीब 12:30 बजे राहुल के साले को फोन कर उसके गोली लगने की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने बताया कि राहुल की रात 11:55 बजे ही अत्यधिक खून बहने के कारण मौत हो चुकी थी।
तीन साल पहले हुई थी शादी, परिवार में मातम
राहुल की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों ने बताया कि उसकी शादी करीब तीन साल पहले हुई थी। वह अपने पिता के साथ पंडित कुलचे-छोले के कारोबार में हाथ बंटाता था। परिवार में उसकी पत्नी, वृद्ध माता-पिता और एक विवाहित बहन है। जवान बेटे की अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद इलाके में भी शोक का माहौल है।
पार्टी में शामिल युवकों से पूछताछ, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी टीम के साथ डीएमसी अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जांच के तहत पार्टी में शामिल युवकों से पूछताछ की जा रही है, ताकि विवाद की वजह और गोली चलाने वाले आरोपियों की पहचान की जा सके।
पुलिस फुल्लांवाल चौक से जे-ब्लॉक रोड तक लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। इसके माध्यम से हमलावरों की पहचान करने और उनके घटनास्थल तक पहुंचने तथा वहां से फरार होने के रास्ते का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।