Summer express, अंकुर कपूर , अंबाला। हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने गुरुग्राम और नूंह में बिजली वितरण के लिए निजी कंपनियों को लाइसेंस दिए जाने के विरोध में हड़ताल कर रहे बिजली कर्मचारियों से आंदोलन समाप्त कर सरकार का साथ देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस फैसले के खिलाफ विद्युत अपीलीय न्यायाधिकरण (एपीटीईएल) में अपील दायर करने की तैयारी कर रही है। सरकार की कोशिश है कि अगले पांच से छह दिनों में अपील दाखिल कर संबंधित आदेश पर रोक हासिल की जाए।
अनिल विज ने कहा कि बिजली कर्मचारियों की हड़ताल का कोई औचित्य नहीं है, क्योंकि सरकार पहले ही इस फैसले के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निजी कंपनी को बिजली वितरण का लाइसेंस देने का निर्णय हरियाणा बिजली विनियामक आयोग ने लिया है, न कि प्रदेश सरकार ने। सरकार ने आयोग के समक्ष इस फैसले का विरोध करने के लिए वरिष्ठ वकील नियुक्त किया था और विभाग ने भी पूरी मजबूती से अपना पक्ष रखा था। इसके बावजूद आयोग का फैसला सरकार के खिलाफ आया।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि वह स्वयं बिजली क्षेत्र के निजीकरण के पक्ष में नहीं हैं। बिजली व्यवस्था पर सरकार ने भारी धनराशि खर्च की है और इसके लिए व्यापक बुनियादी ढांचा तैयार किया गया है। इसके अलावा, बिजली कर्मचारियों की नौकरियों का सवाल भी महत्वपूर्ण है। इसी कारण सरकार ने निजी कंपनी को लाइसेंस देने के फैसले का पुरजोर विरोध किया। अब इस आदेश को चुनौती देने के लिए न्यायाधिकरण में अपील की जा रही है, ताकि जल्द से जल्द इस पर रोक लगवाई जा सके।
उन्होंने बिजली कर्मचारी नेताओं से कहा कि हड़ताल करने की जरूरत तब पड़ती, जब सरकार फैसले के खिलाफ अपील नहीं करती। नियमानुसार अपील दायर करने के लिए 45 दिन का समय मिलता है, लेकिन सरकार इस प्रक्रिया को जल्द पूरा करने में जुटी है। उन्होंने कर्मचारियों से अपील की कि वे हड़ताल का रास्ता छोड़कर सरकार के साथ आएं और कानूनी लड़ाई में सहयोग करें।
अनिल विज ने कहा कि यदि कर्मचारी नेताओं के पास मामले को लेकर कोई सुझाव है तो वे सरकार को बताएं। वे चाहें तो अपने वकील के माध्यम से कानूनी पक्ष रख सकते हैं या किसी योग्य वकील का नाम सुझा सकते हैं। सरकार उनके सुझावों पर विचार करने को तैयार है। उन्होंने कहा कि इस मामले में कानूनी प्रक्रिया के तहत ही लड़ाई लड़नी होगी, क्योंकि निजी कंपनी को लाइसेंस देने का फैसला बिजली विनियामक आयोग ने लिया है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अनिल विज ने कहा कि राहुल गांधी पहले भी इस तरह की टिप्पणियां कर चुके हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या राहुल गांधी आरएसएस के बारे में सही जानकारी रखते हैं और क्या वे कभी इसकी शाखा में गए हैं। विज ने कहा कि यदि राहुल गांधी आरएसएस को समझना चाहते हैं तो उन्हें कुछ दिन इसकी शाखा में शामिल होकर वहां की गतिविधियों को देखना चाहिए।
छुआछूत से जुड़े सवाल पर अनिल विज ने कहा कि अब सभी लोग भारतीय बनकर रह रहे हैं और उन्हें इसी भावना के साथ रहना भी चाहिए।