Summer express/राहुल चावला, धर्मशाला-:हिमाचल प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती 2026 के तहत जिला कांगड़ा में शारीरिक दक्षता एवं शारीरिक मानक परीक्षण (पीईटी और पीएसटी) 20 नवंबर से शुरू होंगे। धर्मशाला स्थित पुलिस लाइन ग्राउंड में 1 दिसंबर तक चलने वाली इस भर्ती प्रक्रिया में कुल 23,145 अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे। इनमें 17,477 पुरुष और 5,668 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न करवाने के लिए पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
इसी संबंध में एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा की अध्यक्षता में विशेष बैठक आयोजित की गई, जिसमें भर्ती के दौरान की जाने वाली व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।अभ्यर्थियों की बड़ी संख्या को देखते हुए निर्धारित शेड्यूल के अनुसार परीक्षण करवाने की योजना बनाई गई है।एसपी कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुरुष अभ्यर्थियों के शारीरिक परीक्षण 20 से 28 नवंबर तक होंगे। वहीं, महिला अभ्यर्थियों के लिए 29 नवंबर से 1 दिसंबर तक का समय निर्धारित किया गया है। सभी परीक्षण पुलिस लाइन ग्राउंड धर्मशाला में आयोजित किए जाएंगे।उन्होंने कहा कि पिछली भर्ती प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों की ओर से सामने आई समस्याओं और उठाए गए सवालों को ध्यान में रखते हुए जरूरी संशोधन किए गए हैं। इस बार कांस्टेबल भर्ती की मुख्य प्रक्रिया हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग संचालित कर रहा है, जबकि पुलिस विभाग जिला स्तर पर शारीरिक मानक परीक्षण करवाने की जिम्मेदारी निभाएगा।