सहजप्रीत सिंह | लुधियाना
समर न्यूज
महानगर में धार्मिक स्थल पर सेवादार के साथ मारपीट कर गोलक से नकदी चोरी करने के मामले में थाना डिवीजन नंबर-5 की पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। वारदात गुरदेव नगर स्थित गुरुद्वारा संतपुरा में हुई थी, जहां पाठी बाबा स्पिंदर सिंह के साथ कथित तौर पर मारपीट करने के बाद गुरुद्वारा साहिब की गोलक तोड़कर उसमें रखी नकदी चोरी कर ली गई थी। एडीसीपी जोन-3 दवरथ साई प्रकाश और एसीपी सिविल लाइंस सरबजीत सिंह चीमा के मार्गदर्शन में थाना डिवीजन नंबर-5 के एसएचओ इंस्पेक्टर हमराज सिंह चीमा की टीम ने यह कार्रवाई की। घटना के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की और अब दो आरोपितों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
यह घटना 13 अक्टूबर को हुई थी। मामले में शुरुआत में दो अज्ञात व्यक्तियों और एक महिला के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। वारदात के बाद पुलिस आरोपितों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए जांच में जुटी हुई थी। जांच के दौरान पुलिस ने 22 अक्टूबर को दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नछत्तर सिंह निवासी गणपति एन्क्लेव, ब्राह्मण माजरा, लुधियाना और तरनजीत सिंह निवासी चांद कॉलोनी, हैबोवाल खुर्द, लुधियाना के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, नछत्तर सिंह पांचवीं पास है और वर्तमान में मुल्लांपुर दाखा स्थित एक गुरुद्वारा साहिब में पाठी के तौर पर काम करता है। वहीं, तरनजीत सिंह दसवीं पास है और सुरक्षा गार्ड की नौकरी करता है। दोनों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर वारदात में उनकी भूमिका, चोरी की गई नकदी और मामले में अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।