Summer express, फरीदाबाद। भांकरी गांव में कचरा डाले जाने के विरोध में रविवार को सरकारी स्कूल परिसर में 36 बिरादरी की महापंचायत आयोजित की गई। इसमें दो हजार से अधिक लोगों ने भाग लेकर प्रदूषण के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। महापंचायत में पर्यावरण संरक्षण, स्थानीय लोगों के अधिकारों और कचरा डाले जाने से उत्पन्न हो रही समस्याओं पर चर्चा की गई। लोगों ने संबंधित विभागों से इस मामले में कार्रवाई करने की मांग उठाई।
कांग्रेस नेता विजय प्रताप ने महापंचायत को संबोधित करते हुए कहा कि इस लड़ाई को संगठित और मजबूत तरीके से आगे बढ़ाने के लिए जल्द ही एक कमेटी गठित की जाएगी। पूर्व महापौर अतर सिंह इस कमेटी की अध्यक्षता करेंगे। उन्होंने कहा कि कमेटी आंदोलन की आगामी रणनीति तय करेगी और लोगों को साथ लेकर संघर्ष को आगे बढ़ाया जाएगा।
पर्यावरणविद् जितेंद्र भड़ाना ने प्रदूषण के मुद्दे पर संबंधित विभागों से कार्रवाई की मांग की। उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) में याचिका दायर की गई है। इसके अलावा, लोगों को हिरासत में लिए जाने के मामले में भी दो दिन के भीतर हाईकोर्ट में याचिका दायर की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदूषण से जुड़े मुद्दों पर कानूनी और लोकतांत्रिक तरीके से लड़ाई जारी रखी जाएगी।
महापंचायत में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की गैरमौजूदगी को लेकर भी नाराजगी जताई गई। एडवोकेट जितेंद्र ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों के जुटने के बावजूद पार्षद और विधायक का महापंचायत में शामिल नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों की समस्याओं और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों पर जनप्रतिनिधियों को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। महापंचायत में शामिल लोगों ने प्रदूषण के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने और आंदोलन को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।