Summer express, यमुनानगर। जगाधरी-पांवटा साहिब हाईवे पर सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल के सामने कट पर मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि उनकी मां और डेढ़ वर्षीय भाई घायल हो गए। हादसे के समय महिला एक्टिवा पर बच्चों के साथ जा रही थी। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद भागने का प्रयास कर रहे ट्रैक्टर चालक को लोगों ने पकड़ लिया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गांव सुघ निवासी नवाब की यमुनानगर की लकड़ी मंडी में टिंबर आढ़त है। उनकी 32 वर्षीय पत्नी मुरसिबा एक्टिवा पर अपनी 16 वर्षीय भतीजी रानी, चार वर्षीय बेटे अरहम और डेढ़ वर्षीय बेटे सिफान के साथ गांव से जगाधरी आई थी। जब वह सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल के सामने हाईवे के कट से मुड़ने लगी, तभी छछरौली की ओर से मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली आ गई। ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से एक्टिवा सवार सभी लोग सड़क पर गिर गए।
हादसे के दौरान रानी और अरहम ट्रॉली के पहिये के नीचे आ गए, जिससे उनकी मौत हो गई। मुरसिबा के सिर में चोट लगी और वह बेहोश हो गई, जबकि डेढ़ वर्षीय सिफान भी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके पैर में गंभीर चोट आई। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से मुरसिबा और सिफान की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया गया। बाद में परिजन दोनों को निजी अस्पताल लेकर गए।
हादसे की सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य, रिश्तेदार और ग्रामीण अस्पताल पहुंचने लगे। नवाब के भाई तैय्यब गांव के सरपंच हैं। घटना की जानकारी मिलने पर लकड़ी मंडी के आढ़ती और गांव के लोग भी अस्पताल पहुंचे। दो बच्चों की मौत की खबर सुनकर परिवार की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
हादसे के बाद कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में अवैध रूप से मिट्टी ढोई जा रही थी और चालक प्रशासन की टीमों से बचने के लिए तेज गति से वाहन चला रहा था। हालांकि, पुलिस ने इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है। बूड़िया गेट चौकी प्रभारी जसपाल सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में भराई के लिए मिट्टी ले जाई जा रही थी। उनके अनुसार, चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली को मोड़ रहा था और इसी दौरान एक्टिवा सवार उसकी चपेट में आ गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।