खनियारा में पैराग्लाइडिंग हादसा, एक विदेशी की मौत, दूसरा सुरक्षित
Summer express/राहुल चावला, धर्मशाला-: हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में पैराग्लाइडिंग के दौरान हुए हादसे में बुल्गारिया के एक पर्यटक की मौत हो गई, जबकि उसके साथ उड़ान भर रहा दूसरा विदेशी नागरिक सुरक्षित बचा लिया गया। हादसा 25 अक्टूबर को खनियारा के राइजिंग स्टार पीक के पास हुआ। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, तेज हवाओं को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, जो सोमवार सुबह करीब दस बजे पूरा हुआ।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मैक्सिम वैलेंटिनोविच गैवरिलिचेंको के रूप में हुई है। वह सात अक्टूबर 2026 को टूरिस्ट वीजा पर भारत आया था। मैक्सिम अपने दोस्त स्टीफेन एंटोनी के साथ सोलो पैराग्लाइडिंग कर रहा था। इसी दौरान खनियारा स्थित राइजिंग स्टार पीक के समीप हादसा हो गया।घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की दो टीमें मौके के लिए रवाना हुईं। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण बचाव अभियान में चुनौतियों का सामना करना पड़ा। बचाव दलों ने रातभर सर्च ऑपरेशन चलाया और सोमवार सुबह अभियान पूरा किया। इस दौरान मैक्सिम की मौत की पुष्टि हुई, जबकि स्टीफेन एंटोनी को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया।मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जोनल अस्पताल धर्मशाला के शवगृह में रखा गया है। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच जारी है। तेज हवा को संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।