Summer express/हमीरपुर, अरविंद-:जिला हमीरपुर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हथली पुल पर नाकाबंदी के दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.028 किलोग्राम चरस बरामद की है। वहीं, नादौन क्षेत्र में हुए एक हत्याकांड के मामले में फरार चल रहे आरोपी को बिहार से गिरफ्तार करने में भी सफलता हासिल की है।
पुलिस के अनुसार, हथली पुल पर नाकाबंदी के दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों की तलाशी ली गई। इस दौरान उनके पास से 1.028 किलोग्राम चरस बरामद हुई। आरोपियों की पहचान लेखराज निवासी तहसील चच्योट और सौरभ निवासी सदयाणा, तहसील सदर, जिला मंडी के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ थाना सदर हमीरपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर चरस के स्रोत और इसके संभावित खरीदारों का पता लगाने में जुटी है।
दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने नादौन थाना क्षेत्र की फस्टे पंचायत में हुए हत्या मामले के फरार आरोपी को बिहार से गिरफ्तार किया है। यह घटना 14 अक्टूबर को हुई थी। पुलिस के मुताबिक, मृतक समेत तीन लोगों ने एक साथ शराब का सेवन किया था। इसके बाद रुपयों के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि दो लोगों ने मिलकर फावड़े से हमला कर व्यक्ति की हत्या कर दी। मामले में पुलिस ने पहले एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि दूसरा आरोपी फरार चल रहा था। अब उसे भी पकड़ लिया गया है।पुलिस अधीक्षक हमीरपुर बलवीर सिंह ने दोनों मामलों में गिरफ्तारियों की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और चरस तस्करी के मामले में आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। वहीं, हत्याकांड के आरोपी से पूछताछ कर वारदात के कारणों और अन्य पहलुओं की जांच की जाएगी।