Summer express/हमीरपुर, अरविंद-:जिला हमीरपुर के लाहलड़ी में सोमवार देर शाम टिप्पर और स्कूटी के बीच हुई जोरदार टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा व्यक्ति घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर जाम लग गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना हमीरपुर के तहत लाहलड़ी में सोमवार देर शाम एक टिप्पर ओवरटेक कर रहा था। इसी दौरान टिप्पर और स्कूटी के बीच टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी सड़क किनारे लगे पैराफिट से जा टकराई। हादसे के दौरान टिप्पर भी पलट गया, जिससे घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई और यातायात प्रभावित हुआ।
हादसे में स्कूटी सवार दो व्यक्ति घायल हो गए। दोनों को एंबुलेंस की सहायता से उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने लगदेवी निवासी 52 वर्षीय कमलदेव को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दोसड़का, हमीरपुर निवासी करीब 49 वर्षीय दूसरा व्यक्ति घायल हो गया। घायल का अस्पताल में उपचार किया गया।घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना टिप्पर के ओवरटेक करने के दौरान हुई।पुलिस अधीक्षक हमीरपुर बलबीर सिंह ने बताया कि लाहलड़ी में हुए सड़क हादसे की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद हादसे से जुड़े तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।