Summer express/ऊना, राकेश-: कठिन परिस्थितियों से जूझ रहे परिवार को सहारा देने के लिए उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने संवेदनशीलता दिखाते हुए एम्स बिलासपुर में उपचाराधीन विवेक कुमार से मुलाकात की। ऊना से चंडीगढ़ जाते समय वह विशेष रूप से अस्पताल पहुंचे और हरोली विधानसभा क्षेत्र के ईसपुर गांव के निवासी विवेक के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार की स्थिति पर चर्चा की और परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया।
बिजली विभाग को चार लाख रुपये की अतिरिक्त मदद जल्द जारी करने के निर्देश
गौरतलब है कि विवेक अपने घर के ऊपर से गुजर रही हाई-वोल्टेज बिजली की तारों की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया था। हादसे में उसे अपना एक हाथ गंवाना पड़ा, जबकि दूसरे हाथ की उंगलियां भी काटनी पड़ीं। इस दुर्घटना ने परिवार के सामने गंभीर मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। विवेक के पिता सोमनाथ फोटोग्राफी का काम करके परिवार का पालन-पोषण करते हैं।परिवार की परिस्थितियों को देखते हुए मुकेश अग्निहोत्री ने विवेक के उपचार में मदद के लिए अपनी ओर से एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी। इसके अतिरिक्त, हादसे में हुए गंभीर नुकसान को ध्यान में रखते हुए उन्होंने बिजली विभाग को चार लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता राशि जल्द उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल प्रशासन से भी विवेक के उपचार और देखभाल में किसी तरह की कमी न रहने देने को कहा।उप मुख्यमंत्री ने परिवार को भरोसा दिलाया कि इस मुश्किल समय में उन्हें अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और विवेक के उपचार के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा। व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद अस्पताल पहुंचकर घायल युवक का हाल जानना और आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाना पीड़ित परिवार के प्रति उनकी संवेदनशीलता और सहयोग की भावना को दर्शाता है।