Summer express, भिवानी। हरियाणा के भिवानी शहर के नया बाजार क्षेत्र में देर रात एक फर्नीचर शोरूम के गोदाम में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से गोदाम में रखा फर्नीचर और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। इस घटना में लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, हांसी गेट से फूलों वाले चौक के बीच स्थित गोदाम में रात करीब दो बजे आग लगी। गोदाम में लकड़ी और प्लाई बोर्ड बड़ी मात्रा में रखे होने के कारण आग तेजी से फैल गई और कुछ ही समय में उसने विकराल रूप ले लिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। हालांकि, इलाके की गलियां संकरी होने के कारण दमकल की गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी परेशानी हुई। इसके बाद दमकलकर्मियों ने लंबी पाइपों के जरिए आग बुझाने का काम शुरू किया।
आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की करीब 12 से 13 गाड़ियों को बारी-बारी से बुलाना पड़ा। फायर ऑपरेटर भूपेंद्र सिंह और उनकी टीम ने लगभग पांच से छह घंटे तक मशक्कत की, जिसके बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सका।
आग बुझने तक गोदाम में रखा अधिकांश सामान जल चुका था। घटना के कारण शोरूम और गोदाम के मालिक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।