समर न्यूज | चंडीगढ़
चंडीगढ़ नगर निगम की बुधवार को आयोजित सामान्य सदन की बैठक में शहर की बदहाल सड़कों और मरम्मत कार्यों में हो रही देरी को लेकर जमकर हंगामा हुआ। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों में सड़कों की खस्ता हालत का मुद्दा उठाते हुए नगर निगम के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।
बैठक शुरू होते ही कांग्रेस पार्षद तरुणा मेहता ने अपने वार्ड की अधूरी सड़कों के पोस्टर दिखाकर विरोध जताया। उन्होंने अधिकारियों से सवाल किया कि उनके वार्ड में सड़कों पर दोबारा डामर बिछाने का काम आखिर क्यों रोक दिया गया है। इस दौरान कांग्रेस पार्षदों ने नारेबाजी करते हुए नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।
तीन दिनों में सड़क निर्माण कार्य शुरू करने का आश्वासन: पार्षदों के विरोध के बाद नगर निगम के अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि लंबित सड़क मरम्मत कार्य अगले तीन दिनों के भीतर शुरू कर दिए जाएंगे। कांग्रेस पार्षद मुनव्वर ने भी आरोप लगाया कि उनके वार्ड में अब तक सड़कों पर दोबारा डामर बिछाने का काम शुरू नहीं हुआ है।
वहीं, आम आदमी पार्टी की पार्षद अंजू कत्याल ने कहा कि उनके वार्ड में भी सड़क मरम्मत का काम शुरू नहीं किया गया। पार्षद दलीप शर्मा ने अपने वार्ड में अधूरे पड़े कार्यों का मुद्दा उठाते हुए इन्हें जल्द पूरा करवाने की मांग की। बैठक के दौरान कई पार्षदों ने सड़क मरम्मत कार्यों में देरी के लिए जिम्मेदार ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।