सागर पाहवा | मोहाली
समर न्यूज
पंजाब की अंडर-19 क्रिकेट टीम ने 13 साल के लंबे इंतजार के बाद वीनू मांकड़ ट्रॉफी जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया है। इंदौर के दिल्ली कॉलेज ग्राउंड में खेले गए फाइनल मुकाबले में पंजाब ने मुंबई को हराकर खिताब अपने नाम किया।
बुधवार को टीम के पंजाब लौटने पर मोहाली एयरपोर्ट पर शानदार स्वागत किया गया। पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के मानद सचिव गुरमीत सिंह मीत हेयर ने खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए उन्हें इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई दी। टीम के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी भी एयरपोर्ट पहुंचे। इस दौरान खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों में उत्साह देखने को मिला। 13 साल बाद ट्रॉफी जीतने की उपलब्धि ने पंजाब क्रिकेट के लिए नया अध्याय जोड़ दिया है।
मीत हेयर ने कहा कि पंजाब अंडर-19 टीम की यह जीत पूरे प्रदेश के लिए गर्व का क्षण है। युवा खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया और फाइनल में मुंबई को हराकर अपनी प्रतिभा साबित की। उन्होंने खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और टीम से जुड़े सभी सदस्यों को बधाई देते हुए भविष्य में भी ऐसी सफलताओं की उम्मीद जताई। टूर्नामेंट में पंजाब के खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में शानदार प्रदर्शन किया। अर्जुन राजपूत 695 रन बनाकर टीम के शीर्ष स्कोरर रहे। उन्होंने तीन शतक लगाए और गेंदबाजी में 11 विकेट भी हासिल किए। इशान सूद ने कुल 13 विकेट लिए, जबकि फाइनल में उनके नाम चार विकेट रहे। सागर विरक ने टूर्नामेंट में 351 रन बनाए। फाइनल में उन्होंने 111 रन की शानदार पारी खेली।
साहिबजोतवीर सिंह ने कुल 19 विकेट लेकर टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने का कारनामा किया। उमेेश गिल ने 368 रन और ऋषभ गुप्ता ने 278 रन बनाए। ऋषभ ने सेमीफाइनल और फाइनल में अर्धशतक जड़े। लक्ष्य कंसल ने भी गेंदबाजी में दम दिखाते हुए 12 विकेट हासिल किए।