Summer express, जालंधर। जालंधर कैंट स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। स्कूल की आधिकारिक ईमेल आईडी पर सुबह 8:55 बजे धमकी भरा संदेश भेजा गया। ईमेल में पंजाब और खालिस्तान से जुड़े नारे लिखने के साथ स्कूल में आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) के जरिए धमाका करने की चेतावनी दी गई है।
धमकी भरे ईमेल में 4 नवंबर को संगरूर में होने वाली कांग्रेस नेता राहुल गांधी की रैली का भी उल्लेख किया गया है। ईमेल सामने आने के बाद पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए ईमेल भेजने वाले की पहचान करने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।
पुलिस विभाग की साइबर टीम ईमेल के स्रोत का पता लगाने और भेजने वाले का आईपी एड्रेस ट्रैक करने में जुटी हुई है। जांच एजेंसियां ईमेल में दी गई धमकियों और उससे जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही हैं।
ईमेल में केवल स्कूल को ही नहीं, बल्कि रेल यातायात को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई है। संदेश में 1 से 4 नवंबर के बीच ट्रेनों में सफर नहीं करने की चेतावनी दी गई है। विशेष रूप से अमृतसर, लुधियाना, फिरोजपुर और बठिंडा की ओर जाने वाली ट्रेनों का जिक्र किया गया है। इसके अलावा रेल पटरियों को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हैं।