Summer express/शिमला, संजू -:दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली कांग्रेस की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली को लेकर हिमाचल प्रदेश में तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने बताया कि इस महारैली में हिमाचल से 10 से 15 हजार कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे। इसके लिए करीब 200 बसों और 500 से अधिक छोटी-बड़ी गाड़ियों के जरिए कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचेंगे। इनमें निजी बसों के साथ एचआरटीसी की बसें भी शामिल होंगी।
विनय कुमार ने कहा कि महारैली का मुख्य मुद्दा कथित वोट चोरी और चुनाव आयोग की भूमिका है। कांग्रेस की मांग है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफा दें और चुनाव आयोग इस मामले में जनता के सामने जवाब दे।उन्होंने भाजपा पर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने और मुख्य चुनाव आयुक्त को संरक्षण देने का आरोप लगाया। विनय कुमार ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ दिल्ली पहुंचेंगे।उन्होंने स्पष्ट किया कि रैली के दौरान यदि कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया जाता है, गिरफ्तारियां होती हैं या वाटर कैनन का इस्तेमाल किया जाता है, तो भी कांग्रेस कार्यकर्ता पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी अपनी मांगों को लेकर संघर्ष जारी रखेगी और जब तक चुनाव आयोग इस मामले में जवाब नहीं देता तथा ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।