बोले- मतदाता सूची का शुद्धीकरण वोट चोरी नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने की प्रक्रिया
Summer express/राहुल चावला, धर्मशाला-:मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर देशभर में जारी सियासी घमासान के बीच हिमाचल प्रदेश में भी भाजपा ने कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। धर्मशाला में आयोजित भाजपा की पदयात्रा के दौरान पार्टी नेताओं ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष लोकतंत्र बचाने के नाम पर देश में भ्रम और अराजकता का माहौल पैदा करने की कोशिश कर रहा है। धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा और सुलह के विधायक विपिन परमार ने कहा कि मतदाता सूचियों का शुद्धीकरण कोई नई प्रक्रिया नहीं है, बल्कि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव व्यवस्था के लिए यह बेहद जरूरी है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि मतदाता सूची से मृत व्यक्तियों और एक से अधिक स्थानों पर दर्ज नामों को हटाने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है तो कांग्रेस को इससे परेशानी क्यों हो रही है?
भाजपा नेताओं ने पदयात्रा के माध्यम से कांग्रेस की राजनीतिक रणनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि विपक्ष चुनावी प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर जनता के बीच गलत संदेश देने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि पदयात्रा में विभिन्न वर्गों के लोगों की भागीदारी केंद्र और प्रदेश में भाजपा की नीतियों तथा नेतृत्व के प्रति जनता के विश्वास को दर्शाती है।
कांग्रेस देश की छवि खराब करने में जुटी : सुधीर शर्मा
धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा ने कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी पार्टियां देश के भीतर ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी भारत के लोकतंत्र को लेकर नकारात्मक संदेश देने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार जनाधार खो रही कांग्रेस अब लोकतांत्रिक संस्थाओं और चुनावी प्रक्रियाओं पर सवाल उठाकर राजनीतिक जमीन तलाशने में जुटी है।सुधीर शर्मा ने कहा कि एसआईआर कोई नई व्यवस्था नहीं है। कांग्रेस के शासनकाल में भी मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण की प्रक्रिया अपनाई जाती रही है। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले इसी तरह की प्रक्रिया लागू करने की मांग उठाई जाती रही और अब जब चुनाव आयोग इसे आगे बढ़ा रहा है तो कांग्रेस इसका विरोध कर रही है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर मतदाता सूची को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने में विपक्ष को क्या आपत्ति है?
ईवीएम को लेकर कांग्रेस के विरोध पर भी सुधीर शर्मा ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि देश में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन के इस्तेमाल की शुरुआत कांग्रेस के शासनकाल में हुई थी, लेकिन आज वही पार्टी चुनावी नतीजों और ईवीएम की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर रही है। उन्होंने दावा किया कि बैलेट पेपर से होने वाले चुनावों में भी कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में हार का ठीकरा चुनावी व्यवस्था पर फोड़ना उचित नहीं है।
दिवाली के दौरान रैली को लेकर भी उठाए सवाल
राहुल गांधी की दिवाली के दौरान प्रस्तावित रैली को लेकर भी सुधीर शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि यात्रा के दौरान क्रिसमस के अवसर पर इसे कई दिनों तक रोका गया था, जबकि दिवाली के दौरान दिल्ली में व्यापारिक गतिविधियां चरम पर रहती हैं। ऐसे समय में राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित करने से व्यापारियों और आम लोगों को परेशानी हो सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को व्यापारिक वर्ग की समस्याओं की चिंता नहीं है।
दिल्ली में प्रदर्शन की अनुमति को लेकर उठे विवाद पर सुधीर शर्मा ने कहा कि राजधानी के संवेदनशील इलाकों में बिना अनुमति किसी भी राजनीतिक दल को प्रदर्शन की इजाजत नहीं दी जा सकती। नियम सभी दलों पर समान रूप से लागू होने चाहिए। उन्होंने चुनाव आयोग की ओर से सुप्रीम कोर्ट में दाखिल हलफनामे का हवाला देते हुए कांग्रेस को तथ्यों के आधार पर जवाब देने की चुनौती भी दी।
एसआईआर का विरोध कर जनता को गुमराह कर रही कांग्रेस : विपिन परमार
सुलह के विधायक विपिन परमार ने कहा कि भाजपा की पदयात्रा का उद्देश्य लोकतंत्र को मजबूत करना और देश में अराजकता फैलाने वाली सोच के खिलाफ जनता को जागरूक करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल एसआईआर को लेकर बेवजह विवाद खड़ा कर रहे हैं, जबकि मतदाता सूची का शुद्धीकरण निष्पक्ष चुनावों के लिए आवश्यक है।विपिन परमार ने कहा कि आजादी के बाद से कई बार मतदाता सूचियों का विशेष पुनरीक्षण किया जा चुका है और कांग्रेस के शासनकाल में भी यह प्रक्रिया अपनाई गई है। उन्होंने सवाल किया कि यदि किसी मतदाता की मृत्यु हो चुकी है तो उसका नाम मतदाता सूची में बनाए रखने का क्या औचित्य है? इसी तरह नए पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल करना और एक से अधिक स्थानों पर दर्ज नामों को हटाना भी जरूरी है।