हिमफेड चेयरमैन महेश्वर चौहान दिल्ली रवाना, बोले- जनता की आवाज दबाने के बजाय सुने सरकार, वरना भुगतना पड़ेगा खामियाजा
शिमला-: वोट चोरी के मुद्दे को लेकर रविवार को दिल्ली में होने वाली विपक्ष की रैली से पहले देश का सियासी माहौल गरमा गया है। इस प्रदर्शन में हिमाचल प्रदेश से भी बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है। रैली में भाग लेने के लिए हिमफेड के चेयरमैन महेश्वर चौहान दिल्ली रवाना हो गए हैं।शिमला में पत्रकारों से बातचीत करते हुए चौहान ने कहा कि वोट चोरी का मुद्दा अब देशव्यापी बहस का विषय बन चुका है। लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए जनता लगातार अपनी आवाज बुलंद कर रही है। उन्होंने दावा किया कि रविवार को दिल्ली में होने वाली रैली में लाखों लोग जुटकर इस मुद्दे पर अपना विरोध दर्ज करवाएंगे।
चौहान ने आरोप लगाया कि मशीनों और अन्य कथित हथकंडों के जरिए सत्ता हासिल करने की कोशिशों पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह किसी एक राजनीतिक दल या राज्य का मामला नहीं, बल्कि देश के लोकतांत्रिक ढांचे और जनता के अधिकारों से जुड़ा विषय है।हिमफेड चेयरमैन ने सरकार को नसीहत देते हुए कहा कि जनता की आवाज को दबाने के बजाय उसे गंभीरता से सुनने की जरूरत है। सरकार को समय रहते अपनी कार्यशैली में सुधार करना चाहिए। जनता की नाराजगी को नजरअंदाज करना भविष्य में भारी पड़ सकता है।उन्होंने कहा कि दिल्ली की रैली में हिमाचल प्रदेश की भागीदारी भी मजबूती से दर्ज होगी। यह प्रदर्शन लोकतंत्र और मताधिकार के मुद्दे पर विपक्ष की एकजुटता का संदेश देगा।