Summer express/हमीरपुर, अरविंद -:करियर प्वाइंट विश्वविद्यालय,हमीरपुर का 12वां दीक्षांत समारोह उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने की। इस अवसर पर उन्होंने युवा स्नातकों से अपनी शिक्षा, ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज में सकारात्मक बदलाव लाने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।समारोह में कुल 648 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं, जबकि 43 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 43 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए गए। इनमें 29 छात्राएं और 14 छात्र शामिल रहे।
राज्यपाल ने सभी डिग्रीधारकों, स्वर्ण पदक विजेताओं, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय ने ग्रामीण क्षेत्रों में उच्च शिक्षा के प्रसार में सराहनीय भूमिका निभाई है। उन्होंने अनुसंधान, नवाचार और सामुदायिक विकास के लिए विश्वविद्यालय की ओर से किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की।उन्होंने विशेष रूप से 100 गांवों को गोद लेने, ‘मेरा गांव मेरा तीर्थ’ अभियान तथा ग्रामीण आजीविका, स्वास्थ्य जागरूकता और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने वाली पहलों की सराहना की। साथ ही ‘विज्ञान दर्शन’ पहल के माध्यम से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने पर जोर दिया।राज्यपाल ने कहा कि सफलता केवल अच्छे वेतन, पद और प्रतिष्ठा तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसका वास्तविक मूल्य समाज और राष्ट्र के लिए किए गए योगदान से तय होता है। उन्होंने युवाओं से अपनी जड़ों, संस्कृति और गांवों से जुड़े रहने की अपील की।उन्होंने विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए कृषि, पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण, प्रौद्योगिकी और उद्यमिता के क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी बल दिया।