Summer express/सोलन-:सोलन के चम्बाघाट में मंगलवार को एक व्यक्ति ने पंजाब रोडवेज की बस पर पथराव कर उसके शीशे तोड़ दिए। बताया जा रहा है कि व्यक्ति अपने बेटे की तबीयत बिगड़ने के बाद उसे समय पर अस्पताल न पहुंचाने को लेकर बस चालक और परिचालक से नाराज था।जानकारी के अनुसार, चंडीगढ़ से चायल जा रही पंजाब रोडवेज की बस में युवक कुमारहट्टी से सवार हुआ था। सोलन पहुंचने से पहले ही युवक अचानक बेहोश हो गया। इसके बाद बस चालक और परिचालक ने पुलिस को सूचना दी और मौके पर पहुंचने का आग्रह किया।
इसी बीच बस जब चम्बाघाट पहुंची तो युवक के परिजन वहां पहुंच गए। उन्होंने चालक और परिचालक पर बेटे को समय रहते अस्पताल न पहुंचाने का आरोप लगाते हुए विरोध जताया और गुस्से में बस पर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। पथराव के कारण बस के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और घटना की जांच करते हुए आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।