मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने पुष्पचक्र अर्पित कर दी भावभीनी श्रद्धांजलि
Summer express/शिमला-: सातवें राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं रामपुर विधानसभा क्षेत्र से चार बार विधायक रहे नंद लाल बुधवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। उनका अंतिम संस्कार शिमला जिला के रामपुर स्थित उनके पैतृक गांव देओठी में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया।मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने देओठी पहुंचकर दिवंगत नंद लाल के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित किए और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने शोकाकुल परिवार के सदस्यों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
मुख्यमंत्री ने नंद लाल के राजनीतिक एवं सामाजिक योगदान को याद करते हुए कहा कि वह कांग्रेस पार्टी के समर्पित नेता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्ध जनप्रतिनिधि थे। उन्होंने रामपुर क्षेत्र के लोगों के कल्याण और विकास के लिए जीवनभर समर्पित भाव से कार्य किया। क्षेत्र के विकास में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।उन्होंने कहा कि स्वर्गीय नंद लाल बेहद सरल, विनम्र और मिलनसार व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ अपने विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। विधानसभा में जनहित से जुड़े मुद्दों को वह हमेशा गरिमा, मर्यादा और तार्किक ढंग से उठाते थे। यह संसदीय परंपराओं के प्रति उनकी गहरी समझ और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सम्मान को दर्शाता था।मुख्यमंत्री ने कहा कि नंद लाल के निधन से प्रदेश ने एक अनुभवी जनप्रतिनिधि और समर्पित जनसेवक खो दिया है। सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान की भरपाई कर पाना संभव नहीं है। उन्होंने परमपिता परमात्मा से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
इस अवसर पर उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, विधायक कुलदीप सिंह राठौर एवं हरीश जनारथा, हिमकॉन के अध्यक्ष विकेश चौहान, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह, आईटीबीपी के वरिष्ठ अधिकारी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।