Summer express/मंडी/धर्मवीर-:हिमाचल प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर सामने आया है। हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में नौकरी की तलाश कर रहे युवक-युवतियों के लिए बार्बेक्यू नेशन हॉस्पिटैलिटी लिमिटेड द्वारा 400 पदों पर भर्ती की जा रही है। इनमें सर्विस स्टुअर्ड और किचन हेल्पर के पद शामिल हैं। इन पदों के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों के साक्षात्कार 6 नवंबर को जिला रोजगार कार्यालय मंडी में आयोजित किए जाएंगे।
जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि भर्ती प्रक्रिया में 18 से 30 वर्ष की आयु के युवक-युवतियां भाग ले सकते हैं। इसके लिए अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता दसवीं पास या इससे अधिक होनी चाहिए। चयनित उम्मीदवारों को 11 हजार से 16 हजार रुपये तक मासिक वेतन प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त कंपनी की ओर से नियमानुसार पीएफ, ईएसआईसी, निःशुल्क भोजन और आवास जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जाएंगी।उन्होंने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति पंजाब, गुजरात, बेंगलुरू, दिल्ली, मुंबई और हैदराबाद स्थित कंपनी के प्रतिष्ठानों में की जाएगी। भर्ती के तहत चयनित युवाओं को दिल्ली स्थित प्रशिक्षण केंद्र में सात दिनों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस दौरान उनके रहने और खाने की व्यवस्था कंपनी द्वारा निःशुल्क की जाएगी। साथ ही आने-जाने का यात्रा टिकट भी कंपनी की ओर से वहन किया जाएगा।विशेष बात यह है कि प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले अभ्यर्थियों को मान्यता प्राप्त संस्थान की ओर से होटल मैनेजमेंट का डिप्लोमा प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया जाएगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने इच्छुक उम्मीदवारों से अपील की है कि वे 6 नवंबर को सुबह 10:30 बजे जिला रोजगार कार्यालय, खलियार मंडी में पहुंचें। अभ्यर्थी अपने सभी मूल शैक्षणिक प्रमाण-पत्र एवं उनकी छायाप्रतियां, हिमाचली प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो, रोजगार पंजीकरण पत्र, बायोडाटा और यदि उपलब्ध हो तो अनुभव प्रमाण-पत्र साथ लेकर आएं।भर्ती से संबंधित अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला रोजगार कार्यालय मंडी के दूरभाष नंबर 01905-235508 पर संपर्क कर सकते हैं।