Summer express, नई दिल्ली। दीवाली के बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ गया है। शहर के कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में पहुंच गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के सोमवार सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के कई निगरानी केंद्रों पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 400 के पार दर्ज किया गया। प्रदूषण बढ़ने के कारण सुबह से ही राजधानी के आसमान में स्मॉग की मोटी परत छाई रही। इससे दृश्यता प्रभावित हुई और लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
सीपीसीबी के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के बुराड़ी क्रॉसिंग में सबसे अधिक 441 AQI दर्ज किया गया। वहीं विवेक विहार में 437, दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (DTU) में 434, दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस और जहांगीरपुरी में 433-433 तथा रोहिणी में 430 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया। ये सभी इलाके गंभीर प्रदूषण की श्रेणी में रहे।
इसके अलावा गाजीपुर में वायु गुणवत्ता सूचकांक 418, मुंडका में 417, पंजाबी बाग में 409, नरेला और आईटीओ में 407-407 दर्ज किया गया। वहीं मथुरा रोड पर 396, आया नगर में 386, तालकटोरा गार्डन में 384 और लोधी रोड पर 370 एक्यूआई रहा। वजीरपुर में 365, आरके पुरम में 364, नजफगढ़ में 340, अक्षरधाम के आसपास 337 और आनंद विहार में 335 एक्यूआई दर्ज किया गया। इन क्षेत्रों में हवा की गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में बनी हुई है।
प्रदूषण की स्थिति को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने दिल्ली-एनसीआर में पहले से ही ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के तीसरे चरण की पाबंदियां लागू कर रखी हैं। दीवाली से तीन दिन पहले शुक्रवार को ही इन प्रतिबंधों को लागू करने का फैसला लिया गया था। इसके तहत दिल्ली के साथ-साथ हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के एनसीआर क्षेत्रों में भी अतिरिक्त प्रतिबंध लगाए गए हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान (IITM) के मौसम एवं प्रदूषण संबंधी पूर्वानुमानों के आधार पर एहतियातन यह कदम उठाया गया था।
दूसरी ओर, मुंबई में भी सोमवार सुबह धुंध और स्मॉग का असर देखने को मिला। बांद्रा और कलानगर सहित कुछ इलाकों में धुंध की चादर छाई रही, हालांकि शहर का औसत एक्यूआई 170 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है। मुंबई के खेरवाड़ी-बांद्रा ईस्ट में 264, शिवड़ी में 226, घाटकोपर में 221 और चेंबूर में 216 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया। वहीं वर्ली में यह 148 और कुर्ला में 96 रहा।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के कई हिस्सों में भी सुबह के समय स्मॉग की मोटी परत देखने को मिली। वहीं राजस्थान की राजधानी जयपुर में हल्का कोहरा छाया रहा। सीपीसीबी के अनुसार, जयपुर का एक्यूआई 204 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है।
ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान यानी ग्रैप वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए तैयार की गई चार चरणों वाली आपातकालीन व्यवस्था है। इसे हवा की गुणवत्ता बिगड़ने के साथ अलग-अलग स्तरों पर लागू किया जाता है। पहले चरण में 201 से 300 के बीच एक्यूआई होने पर सड़कों की सफाई, धूल नियंत्रण और खुले में कचरा जलाने पर रोक जैसे कदम उठाए जाते हैं। दूसरे चरण में 301 से 400 के बीच एक्यूआई पहुंचने पर पानी के छिड़काव में बढ़ोतरी, पार्किंग शुल्क में वृद्धि और निजी वाहनों के इस्तेमाल को कम करने जैसे उपाय किए जाते हैं।
तीसरे चरण में 401 से 450 के बीच एक्यूआई होने पर गंभीर प्रदूषण की स्थिति मानी जाती है। इस दौरान गैर-जरूरी निर्माण और तोड़फोड़ गतिविधियों पर रोक लगाने के साथ पुराने बीएस-3 पेट्रोल और बीएस-4 डीजल वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध लगाया जाता है। इसके अलावा प्राथमिक कक्षाओं के लिए ऑनलाइन या हाइब्रिड पढ़ाई का विकल्प लागू किया जा सकता है। चौथे चरण में एक्यूआई 450 से ऊपर पहुंचने पर स्थिति को गंभीर प्लस श्रेणी में रखा जाता है। इस स्तर पर ट्रकों और भारी वाहनों की आवाजाही तथा औद्योगिक गतिविधियों पर और सख्त प्रतिबंध लगाए जाते हैं।
सीपीसीबी के अनुसार, वायु गुणवत्ता सूचकांक को प्रदूषण के स्तर और उसके स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभाव के आधार पर छह श्रेणियों में बांटा गया है। 0 से 50 के बीच एक्यूआई अच्छा, 51 से 100 संतोषजनक और 101 से 200 मध्यम श्रेणी में आता है। इसी तरह 201 से 300 तक खराब, 301 से 400 तक बहुत खराब और 401 से 500 तक गंभीर श्रेणी मानी जाती है। एक्यूआई का गंभीर स्तर स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक हो सकता है और इससे लोगों को सांस संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है।