Summer express/मंडी -: जिला मंडी के जोगेंद्रनगर क्षेत्र में पांच दिन से लापता चल रहे लोक निर्माण विभाग (PWD) के कर्मचारी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। 26 वर्षीय अनिल कुमार का शव दीपावली के दिन रविवार को नोहली पंचायत के रणा खड्ड में बरामद हुआ। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसका खुलासा नहीं हो पाया है।
जानकारी के अनुसार, नोहली पंचायत के बनोग गांव निवासी अनिल कुमार पिछले पांच दिनों से लापता थे। परिजनों और स्थानीय लोगों की ओर से उनकी तलाश की जा रही थी। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने भी गुमशुदगी दर्ज कर युवक की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस ने खोज अभियान को तेज करते हुए हमीरपुर से स्निफर डॉग टीम को भी बुलाया था। हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद पांच दिनों तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया।
दीपावली के दिन खड्ड में दिखा शव
रविवार को दीपावली के दिन स्थानीय लोगों ने रणा खड्ड के पानी में एक शव देखा। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकाला। जांच के दौरान शव की पहचान बनोग निवासी अनिल कुमार के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि शव उनके घर से करीब एक किलोमीटर दूर मिला है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी जांच
पुलिस ने सोमवार को शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल युवक की मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आने की उम्मीद है। घटना के बाद से परिवार में शोक का माहौल है।