सहजप्रीत सिंह| लुधियाना | समर न्यूज
दीपावली का त्योहार यानी खुशियों, रोशनी और उल्लास का पर्व। हर तरफ दीप जल रहे थे, घरों में जश्न था और आसमान पटाखों की रोशनी से जगमगा रहा था। लेकिन लुधियाना में दीपावली की रात जश्न के बीच गोलियों की आवाज ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। एक ही रात में तीन अलग-अलग घटनाओं में फायरिंग के मामले सामने आए। कहीं दिवाली की खरीदारी कर घर लौट रहे पत्रकार दंपती पर नकाबपोश हमलावर ने गोलियां बरसाईं और करीब दो किलोमीटर तक पीछा किया, तो कहीं झुग्गी में भाई-बहनों के साथ लेटे पांच साल के मासूम कृष्णा के पेट में गोली जा लगी। तीसरी घटना में आम आदमी पार्टी के पूर्व पार्षद अमरीक सिंह बिट्टा के घर के बाहर खड़ी कार गोली का निशाना बन गई। एक तरफ लोग अपनों के साथ दीपावली की खुशियां बांट रहे थे, वहीं दूसरी तरफ शहर के अलग-अलग इलाकों में फायरिंग की घटनाओं ने दहशत फैला दी। आखिर त्योहार की रात लुधियाना में गोलियां किसने चलाईं? क्या अपराधियों में पुलिस का खौफ खत्म हो रहा है? और सबसे बड़ा सवाल, जब शहर के लोग त्योहार मना रहे थे, तब उनकी सुरक्षा कितनी पुख्ता थी?
पहले पत्रकार, दुसरा 5 वर्षीय मासूम, तीसरा आप नेता…
पहला मामला:- पत्रकार भी सुरक्षित नहीं हैं। खरीदारी कर घर लौट रही महिला पत्रकार नवनीत कौर और उनके पति गगनदीप अरोड़ा पर नकाबपोश हमलावर ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। वारदात शनिवार रात करीब 12 बजे साउथ सिटी स्थित पीएयू गेट नंबर-8 के बाहर हुई।
जानकारी के अनुसार, सफेद एक्टिवा सवार हमलावर ने दंपती की कार के आगे स्कूटी लगाकर रास्ता रोक लिया। उसने धमकी देते हुए कहा, “रुको, अभी तुम लोगों की बदमाशी निकालता हूं।” इसके बाद उसने गोलियां चला दीं। गगनदीप ने कार भगाकर बचने का प्रयास किया, लेकिन हमलावर ने पीछा जारी रखा। नानकसर गुरुद्वारे के पास उसने दोबारा फायरिंग की और करीब दो किलोमीटर तक दंपती का पीछा किया। दोनों सुरक्षित बच निकले। थाना पीएयू पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सेफ सिटी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
दुसरा मामला:- दीपावली की रात पटाखों के शोर के बीच गिल रोड स्थित दाना मंडी में झोपड़ी में सो रहे पांच वर्षीय कृष्णा के पेट में संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लग गई। बच्चा अपने भाई-बहनों के साथ बिस्तर पर लेटा था। उसकी चीख सुनकर मां दीपा मौके पर पहुंची तो पेट पर गोली लगने जैसा घाव देखकर घबरा गई। तुरंत सिविल अस्पताल ले गए। डॉक्टर शिवम के अनुसार, बच्चे के पेट के बाईं तरफ गोली लगने का घाव है। परिजन निकाली गई गोली भी अस्पताल लेकर पहुंचे। फिलहाल बच्चे की हालत स्थिर है।
तीसरा मामला:- आप के पूर्व पार्षद अमरीक सिंह बिट्टा की कार पर गोली चलने का मामला सामने आया है। शिमलापुरी के दुर्गा नगर स्थित वाहेगुरु रोड पर रविवार रात उनके घर के बाहर खड़ी क्रेटा कार को गोली लगी। गोली कार की छत को छेदकर निकल गई।
घटना का पता सोमवार सुबह चला। पूर्व पार्षद के भाई ने छत पर सुराख देखा। जांच के दौरान वाइपर के पास गोली का खोल भी मिला। परिजनों ने पहले मिल चुकी धमकियों के चलते फायरिंग का शक जताया है। थाना शिमलापुरी ने जांच शुरू कर सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।