समर न्यूज | चंडीगढ़
अमेरिकी नागरिकों से 261 करोड़ रुपये की कथित ठगी के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच अब चंडीगढ़ के राजनीतिक और प्रशासनिक संपर्कों तक पहुंच गई है। चंडीगढ़ के सेक्टर-50 निवासी चेतन मुंजाल की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसी उसके आर्थिक लेनदेन, राजनीतिक संपर्कों और कारोबार से जुड़े लोगों की पड़ताल कर रही है। सूत्रों के अनुसार, जांच में कुछ नेताओं और पुलिस अधिकारियों के साथ उसके संपर्कों के संकेत मिले हैं। एजेंसी आने वाले दिनों में इन लोगों से पूछताछ कर सकती है।
जांच में यह आशंका भी सामने आई है कि ठगी से हासिल रकम का इस्तेमाल चंडीगढ़ नगर निगम के आगामी चुनाव में राजनीतिक फंडिंग के लिए किया जाना था। हालांकि, चुनावी फंडिंग से जुड़े इस दावे की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।