गुरशरण सिंह | मोहाली
समर न्यूज
मोहाली जिले में दीपावली की रात आतिशबाजी के दौरान निकली चिंगारियों और जलते पटाखों के कारण कई स्थानों पर आग लगने की घटनाएं सामने आईं। दमकल विभाग को जिलेभर से आग लगने की कुल 41 सूचनाएं प्राप्त हुईं। इनमें पांच घटनाएं गंभीर थीं, जिनमें संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा। हालांकि, राहत की बात यह रही कि किसी भी घटना में जनहानि की सूचना नहीं मिली।
दमकल विभाग के अनुसार, सबसे अधिक 15 घटनाएं मोहाली शहर में दर्ज की गईं। इसके अलावा खरड़ में 10, जबकि जीरकपुर और डेराबस्सी में आठ-आठ स्थानों पर आग लगने की सूचनाएं मिलीं। ज्यादातर घटनाएं खाली भूखंडों में पड़ी सूखी घास, झाड़ियों और कूड़े के ढेर में आग लगने से संबंधित थीं।
दीपावली की रात सबसे बड़ी घटनाओं में से एक मोहाली के सेक्टर-117 में सामने आई। यहां पुरानी कारों के एक शोरूम में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि वहां खड़ी करीब 20 से 25 कारें जलकर राख हो गईं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, एक जलता हुआ रॉकेट शोरूम परिसर में गिरने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
फेज-2 में थार और एक्टिवा जलकर नष्ट
मोहाली के फेज-2 में भी आग लगने की बड़ी घटना सामने आई। यहां एक मकान के आंगन में खड़ी महिंद्रा थार पर जलता हुआ रॉकेट गिर गया। देखते ही देखते गाड़ी में आग फैल गई और वह पूरी तरह जल गई। थार के नजदीक खड़ी एक्टिवा भी आग की चपेट में आ गई।
दीपावली की रात एक पुलिस थाने में भी आग लगने की घटना सामने आई। यहां विभिन्न मामलों में जब्त कर रखे गए वाहनों में आग लग गई। इस घटना में कई वाहन जलकर नष्ट हो गए।
वहीं, जीरकपुर के बलटाना इलाके में अवैध रूप से लगाए गए पटाखों के अस्थायी बिक्री केंद्र भी आग की चपेट में आ गए। बताया जा रहा है कि एक अनियंत्रित रॉकेट दुकान में गिरने से वहां रखे पटाखों में आग भड़क उठी, जिसके बाद आग आसपास फैल गई।
दमकल विभाग ने दीपावली के मद्देनजर पहले से अलग-अलग दल तैनात किए थे। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकलकर्मी संबंधित स्थानों पर पहुंचे और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। विभाग की टीमें पूरी रात अलग-अलग इलाकों में आग पर काबू पाने में जुटी रहीं।