{12-15 साथियों सहित घर पहुंचे तरुण भंडारी, दीपावली की शुभकामनाएं देकर परिवार के साथ साझा की खुशियां
समर न्यूज | पंचकूला
त्योहारों की खुशियां केवल अपने तक सीमित नहीं होतीं, बल्कि दूसरों के जीवन में खुशियां और उम्मीद बांटने से उनका महत्व और बढ़ जाता है। इसी भावना और सामाजिक अपनत्व का परिचय देते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी अपने साथियों सहित पीरमाछला पहुंचे। यहां उन्होंने बिटिया और उसके पूरे परिवार से उनके निवास पर मुलाकात की तथा बिटिया का हौसला बढ़ाते हुए परिवार के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं।
इस अवसर पर तरुण भंडारी के साथ पार्षद राकेश जगोता , मुकेश सिंगला , अक्षय कौशिक, मनिल मोंगा और सरवन सिंगला सहित करीब 12 से 15 साथी मौजूद रहे। सभी ने परिवार के साथ आत्मीयता से बातचीत की और बिटिया को स्नेह एवं प्रोत्साहन देते हुए उसके बेहतर भविष्य की कामना की।
तरुण भंडारी ने कहा कि जीवन में परिस्थितियां चाहे कैसी भी हों, हिम्मत, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ते रहना चाहिए। बेटियों का हौसला बढ़ाना और उन्हें यह विश्वास दिलाना कि समाज उनके साथ खड़ा है, हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। परिवार के सुख-दुख में सहभागी बनना और जरूरत के समय अपनों के बीच पहुंचना ही सामाजिक रिश्तों की वास्तविक खूबसूरती है। उन्होंने कहा कि दीपावली का पर्व हमें अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने, निराशा को आशा में बदलने और आपसी प्रेम एवं भाईचारे को मजबूत करने की प्रेरणा देता है। इसी भावना के साथ सभी साथी परिवार के बीच पहुंचे और बिटिया को प्रोत्साहित किया।