Summer express, चंबा। जिला मुख्यालय के बालू क्षेत्र में रात अखिल भारत हिंदू महासभा के जिलाध्यक्ष गोपाल सिंह कुकरेजा पर पथराव करने और उनके दो वाहनों को आग लगाने की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को शिकायत सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर छानबीन शुरू कर दी है।
गोपाल सिंह कुकरेजा के अनुसार, रात करीब साढ़े आठ बजे वह स्कूटी से चंबा शहर से परेल स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बालू के पास कुछ अज्ञात लोगों ने उन पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। अचानक हुए हमले से बचने के लिए वह किसी तरह वहां से निकलने में कामयाब रहे और सुरक्षित घर पहुंच गए।
कुकरेजा ने बताया कि घर पहुंचने के कुछ समय बाद उन्हें सूचना मिली कि बालू स्थित सब्जी मंडी परिसर में खड़ी उनकी वैन और पिकअप को आग लगाने का प्रयास किया गया है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे। तब तक स्थानीय लोगों और मंडी कर्मचारियों ने आग पर काबू पा लिया था। समय रहते आग बुझा दिए जाने से दोनों वाहन पूरी तरह जलने से बच गए।
घटना के बाद गोपाल सिंह ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। उन्होंने अपनी शिकायत में दो लोगों पर संदेह जताया है और पूरे मामले की निष्पक्षता से जांच करने की मांग की है। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि पथराव और वाहनों को आग लगाने की कोशिश करने वालों की पहचान की जा सके।
गोपाल सिंह कुकरेजा ने इस घटना की जानकारी एपीएमसी अध्यक्ष ललित ठाकुर को भी दी है। उन्होंने सरकारी परिसर में खड़े वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब सब्जी मंडी जैसे सरकारी परिसर में खड़े वाहन सुरक्षित नहीं हैं, तो आम लोगों की संपत्ति की सुरक्षा को लेकर चिंता होना स्वाभाविक है।
डीएसपी चंबा बलदेव दत्त ने बताया कि पुलिस को शिकायत मिली है और उसके आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।