Summer express, अंबाला (अंकुर कपूर)। छठ पूजा के दौरान बिहार और पूर्वांचल जाने वाले यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। यात्रियों को त्योहार पर अपने घरों तक पहुंचाने के लिए अंबाला रेल मंडल ने आठ जोड़ी विशेष ट्रेनों की घोषणा की है। इसके अलावा 25 जोड़ी अन्य ट्रेनें भी अंबाला से होकर बिहार की ओर जाती हैं। रेलवे प्रशासन ने अधिक भीड़ वाले स्टेशनों पर भी यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध किए हैं।
अंबाला रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक जशनदीप सिंह ने बताया कि त्योहार के दौरान यात्रियों की आवाजाही पर लगातार नजर रखी जा रही है। इसके लिए रेलवे का वार रूम 24 घंटे सक्रिय है, जहां से विभिन्न स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ की पल-पल की जानकारी जुटाई जा रही है। जिन स्टेशनों पर यात्रियों की संख्या अधिक हो रही है, वहां जरूरत के अनुसार अतिरिक्त विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं, ताकि लोगों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया जा सके।
उन्होंने बताया कि तीन से पांच ऐसे स्टेशनों की पहचान की गई है, जहां छठ पूजा के दौरान अधिक भीड़ जुटने की आशंका है। इन स्टेशनों पर पहले से विशेष व्यवस्था की गई है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि सरहिंद रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की अधिक संख्या को देखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त विशेष ट्रेन चलाई थी। यह ट्रेन पहले घोषित नहीं की गई थी, लेकिन मौके की स्थिति को देखते हुए इसका संचालन किया गया, जिससे यात्रियों को उनके घर पहुंचने में मदद मिली।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए दो रेलवे स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया भी बनाए गए हैं। यहां यात्री बैठकर अपनी ट्रेन का इंतजार कर सकते हैं। जिन यात्रियों की ट्रेन देरी से आ रही है, उनके लिए टेंट और बैठने की व्यवस्था भी की गई है। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि स्टेशन पर भीड़ होने की स्थिति में होल्डिंग एरिया का इस्तेमाल करें और अनावश्यक रूप से प्लेटफार्म पर भीड़ न बढ़ाएं।
उन्होंने कहा कि यदि किसी ट्रेन में अधिक भीड़ है तो यात्री धैर्य बनाए रखें और अगली ट्रेन का इंतजार करें, क्योंकि पीछे से भी कई ट्रेनें आ रही हैं। रेलवे की कोशिश है कि सभी यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से उनके घरों तक पहुंचाया जाए।
वहीं, रेलवे स्टेशन पर किए गए इंतजामों से छठ पूजा मनाने के लिए घर जा रहे यात्री भी संतुष्ट नजर आए। यात्रियों ने बताया कि स्टेशन पर बैठने के लिए टेंट लगाया गया है, जिससे ट्रेन के इंतजार के दौरान उन्हें काफी सुविधा मिल रही है। उन्होंने रेलवे प्रशासन की ओर से किए गए प्रबंधों पर खुशी जताई।