Summer express, पलवल (सुंदर कुंडू)। हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने मंगलवार को पलवल स्थित लक्ष्मण महलावत क्रिकेट अकादमी में भारत और श्रीलंका की अंडर-14 क्रिकेट टीमों के बीच आयोजित मैत्री क्रिकेट सीरीज 2026 का शुभारंभ किया। उन्होंने सिक्का उछालकर टॉस करवाया और मुकाबले की शुरुआत कराई। इस दौरान उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। पलवल जिले में पहली बार आयोजित हो रही इस तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट सीरीज को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनसे अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और आपसी भाईचारे की भावना भी विकसित होती है। भारत और श्रीलंका के युवा खिलाड़ियों के बीच आयोजित यह मैत्री मुकाबला दोनों देशों के खेल संबंधों को मजबूत करने की दिशा में सराहनीय पहल है। ऐसे आयोजनों से युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ खेलने और उनसे अनुभव हासिल करने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को नई पहचान और दिशा मिली है। केंद्र सरकार के विजन के अनुरूप युवाओं को खेलों से जोड़ने, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार भी प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
गौरव गौतम ने कहा कि हरियाणा की खेल नीति, खिलाड़ियों को दिए जा रहे प्रोत्साहन और आधुनिक खेल सुविधाओं के कारण प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। हरियाणा की खेल नीति की देशभर में सराहना हो रही है। प्रदेश के खिलाड़ियों ने अपनी उपलब्धियों से हरियाणा को खेलों के क्षेत्र में विशेष पहचान दिलाई है।
उन्होंने बताया कि मिशन ओलंपिक 2036 के तहत युवाओं को ओलंपिक प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जा रहा है। इसके अंतर्गत प्रदेश में खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण, आवश्यक संसाधन और अवसर उपलब्ध करवाने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि हरियाणा के खिलाड़ी ओलंपिक 2036 सहित अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने युवा खिलाड़ियों से पढ़ाई के साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मेहनत, लगन, अनुशासन और निरंतर अभ्यास ही सफलता की कुंजी हैं।
कार्यक्रम के दौरान आयोजकों ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। श्रीलंका की टीम और स्थानीय खिलाड़ियों में मुकाबले को लेकर विशेष उत्साह नजर आया। इस मैत्री सीरीज के माध्यम से दोनों देशों के युवाओं को खेल के जरिए मित्रता, सहयोग और आपसी सद्भाव का संदेश दिया गया। इस अवसर पर श्रीलंका क्रिकेट टीम के कोच रिजवान, कोच लक्ष्मण महलावत, मार्केट कमेटी पलवल के चेयरमैन पंकज विरमानी, कर्मवीर दलाल सहित अनेक क्रिकेट प्रेमी मौजूद रहे।