Summer express, गुरुग्राम (अनुज पांचाल)। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री और प्रोफेसर संगीत रागी के भगवान श्रीकृष्ण तथा यादव समाज के इतिहास को लेकर कथित आपत्तिजनक बयानों के मामले में अहीर समाज का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को समाज के लोगों ने गुरुग्राम स्थित पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। इस संबंध में पुलिस अधिकारियों को लिखित शिकायत और ज्ञापन सौंपकर मामले में तत्काल कानूनी कार्रवाई करने की अपील की गई।
अहीर समाज के प्रतिनिधियों का आरोप है कि दोनों की ओर से दिए गए बयानों से भगवान श्रीकृष्ण और यादव समाज की धार्मिक एवं सामाजिक भावनाएं आहत हुई हैं। उनका कहना है कि इस तरह की टिप्पणियों से न केवल सनातन धर्म की मान्यताओं को ठेस पहुंचती है, बल्कि समाज में आपसी वैमनस्य और विभाजन की स्थिति भी पैदा होती है। प्रतिनिधियों ने प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए उचित कार्रवाई करने की मांग की।
अहीर रेजिमेंट के संस्थापक अरुण यादव ने कहा कि अहीर समाज का देश और सनातन धर्म की रक्षा में ऐतिहासिक योगदान रहा है। इसके बावजूद कुछ लोग कथित तौर पर सस्ती लोकप्रियता हासिल करने या वैचारिक दुर्भावना के चलते समाज के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाले बयान दे रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भगवान श्रीकृष्ण और यादव समाज का अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
समाज के प्रतिनिधियों ने मांग की कि धीरेंद्र शास्त्री और संगीत रागी सार्वजनिक रूप से मथुरा-वृंदावन जाकर माफी मांगें। ऐसा नहीं होने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ सामाजिक स्तर पर भी विरोध तेज करने की चेतावनी दी गई। प्रतिनिधियों ने कहा कि जरूरत पड़ने पर बड़े स्तर पर आंदोलन और विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
अहीर समाज ने बताया कि आगामी 22 तारीख को एक बड़ी पंचायत बुलाई गई है। इसमें पूरे मामले पर चर्चा कर आंदोलन की आगे की रणनीति तय की जाएगी। समाज के लोगों ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस प्रशासन ने जल्द एफआईआर दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन को गुरुग्राम से आगे राष्ट्रीय स्तर तक ले जाया जाएगा।
इस दौरान अरुण यादव, सामाजिक कार्यकर्ता विजय यादव, मानेसर के सरपंच श्योचंद और अहीर रेजिमेंट के सदस्य कवरलाला यादव सहित समाज के अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।