Summer express, गोहाना। जम्मू-कटरा एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के रोडरेज के दौरान गोलीबारी की घटना में कपड़ा शोरूम के सहायक मैनेजर की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कार को पीछे से टक्कर मारने के बाद फरार हो रहे ईको सवार युवकों का पीछा करना कार सवार दो लोगों को भारी पड़ गया। गोहाना क्षेत्र में रुखी और आहुलाना गांव के बीच एक्सप्रेसवे पर आरोपियों ने कार सवारों पर गोली चला दी। गोली लगने से रोहतक निवासी प्रह्लाद गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए पीजीआई रोहतक ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बरोदा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक प्रह्लाद रोहतक के तिलक नगर के निवासी थे और एक कपड़ा शोरूम में सहायक मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। मंगलवार को वह अपने साथी कर्मवीर निवासी रुड़की के साथ कैथल में एक नए कपड़ा शोरूम के उद्घाटन समारोह में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोनों देर रात अपनी कार से वापस लौट रहे थे।
वापसी के दौरान जब वे जम्मू-कटरा एक्सप्रेसवे से गुजर रहे थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आई एक ईको गाड़ी ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ईको चालक मौके पर रुकने के बजाय गाड़ी लेकर फरार हो गया। इस पर प्रह्लाद और कर्मवीर ने ईको गाड़ी का पीछा करना शुरू कर दिया। कुछ दूरी पर गोहाना क्षेत्र में रुखी और आहुलाना गांव के बीच दोनों ने ईको को रुकवा लिया।
इसके बाद कार से उतरकर प्रह्लाद और कर्मवीर ने ईको सवार युवकों से टक्कर मारने का कारण पूछा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी दौरान ईको सवार युवकों ने गोली चला दी। गोली प्रह्लाद की बाजू में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। वारदात के बाद आरोपी ईको गाड़ी सहित मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद कर्मवीर घायल प्रह्लाद को तुरंत पीजीआई रोहतक लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से सूचना मिलने के बाद बरोदा थाना पुलिस ने जांच शुरू की। कर्मवीर ने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी है। पुलिस ने उसे घटनास्थल की पहचान कराने के लिए बुलाया है।
पुलिस इस मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गोली प्रह्लाद की बाजू में लगी थी, लेकिन इसके बावजूद उनकी मौत होने को लेकर पुलिस ने कुछ संदेह जताया है। ऐसे में मौत के कारणों और पूरी वारदात की परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।