Summer express, चंडीगढ़, हरियाणा। हरियाणा में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने प्रदेशभर में अभियान चलाकर यह सुनिश्चित करने की रणनीति बनाई है कि किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से न छूटे। इसके साथ ही जिन योग्य नागरिकों के नाम अभी तक सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं, उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत पंजीकरण कराने में मदद दी जाएगी।
इस अभियान के तहत ऐसे मतदाताओं की पहचान की जाएगी, जो अनुपस्थित हैं, स्थायी रूप से दूसरी जगह स्थानांतरित हो चुके हैं या जिनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है। पार्टी कार्यकर्ता संबंधित मतदाताओं की वास्तविक स्थिति का पता लगाने के साथ पात्र नागरिकों को निर्वाचन आयोग की प्रक्रिया पूरी करने में सहयोग करेंगे।
अभियान की रूपरेखा और संगठनात्मक तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने मंगलवार रात वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की। इसमें प्रदेश के विधायक, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी और बीएलए-1 शामिल हुए। बैठक में प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक बूथ पर बीएलए-2 के साथ तालमेल बनाकर अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया गया।
इसी बीच भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने बुधवार को प्रदेशवासियों और पार्टी कार्यकर्ताओं के नाम खुला पत्र जारी कर मताधिकार की रक्षा को लोकतंत्र के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी बताया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक के वोट का महत्व समान है। मतदान का अधिकार केवल सरकार चुनने का माध्यम नहीं, बल्कि नागरिक के सम्मान, समानता और देश के भविष्य के निर्माण में उसकी भागीदारी का प्रतीक भी है। इसलिए किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम तकनीकी या प्रक्रियागत कारणों से मतदाता सूची से नहीं छूटना चाहिए।
अपने पत्र में डॉ. अर्चना गुप्ता ने 24 जुलाई 2026 की प्रारंभिक SIR स्टेटस रिपोर्ट के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि प्रदेश में कुल 33 लाख 83 हजार 302 मतदाताओं के गणना फॉर्म प्राप्त नहीं हुए थे। इनमें 7 लाख 66 हजार 3 मृत मतदाता, 2 लाख 4 हजार 832 अन्य स्थानों पर पंजीकृत मतदाता, 13 लाख 74 हजार 759 स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाता और 9 लाख 36 हजार 228 अनुपस्थित या संपर्क से बाहर रहने वाले मतदाता शामिल थे। इसके अलावा 1 लाख 1 हजार 480 मामले अन्य कारणों की श्रेणी में दर्ज किए गए थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि ये शुरुआती आंकड़े हैं और इन्हें मताधिकार से वंचित नागरिकों की अंतिम संख्या नहीं माना जाना चाहिए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने विशेष रूप से उन पात्र नागरिकों को लेकर चिंता जताई, जो रोजगार, शिक्षा, निवास स्थान में बदलाव या जानकारी के अभाव में निर्धारित समय पर गणना प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों, बीएलए-1, बीएलए-2 और बूथ कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जाति, धर्म और राजनीतिक विचारधारा से ऊपर उठकर घर-घर संपर्क करें। उनका कहना था कि अभियान का उद्देश्य ऐसे सभी योग्य नागरिकों तक पहुंचना है, जो मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने या उसे बरकरार रखने के पात्र हैं, लेकिन किसी कारण से प्रक्रिया पूरी नहीं कर सके।
पत्र में डॉ. अर्चना गुप्ता ने निर्वाचन आयोग की ओर से 6 नवंबर को विभिन्न श्रेणियों में चिह्नित नागरिकों को पात्रता के अनुसार गणना फॉर्म दोबारा जमा करने का अवसर दिए जाने का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि नागरिक मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा की वेबसाइट ceoharyana.gov.in पर संबंधित सूचियों में अपना नाम जांच सकते हैं। इसके अलावा वे अपने क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी (BLO), निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (ERO) और सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (AERO) से संपर्क कर सकते हैं।
ऑनलाइन आवेदन और अन्य सुविधाओं के लिए voters.eci.gov.in पोर्टल तथा ECINET ऐप का इस्तेमाल किया जा सकता है। किसी भी तरह की जानकारी या सहायता के लिए निर्वाचन आयोग की हेल्पलाइन 1950 और 1800-11-1950 पर संपर्क करने की सुविधा भी उपलब्ध है। नए पात्र मतदाता फॉर्म-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इस अभियान को गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ प्रत्येक बूथ तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रयास है कि SIR की प्रक्रिया के दौरान कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे और सभी योग्य मतदाताओं की लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित हो।