Summer express, अंबाला (अंकुर कपूर) | छठ महापर्व से पहले अंबाला कैंट में रहने वाले पूर्वांचल समाज के लोगों को बड़ी सौगात मिली है। लंबे समय से की जा रही मांग को पूरा करते हुए हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने बब्याल क्षेत्र में स्थायी छठ घाट का निर्माण करवाया है। छठ पर्व नजदीक आने के चलते अनिल विज ने घाट का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अनिल विज ने कहा कि अंबाला कैंट में रहने वाले पूर्वांचल के लोगों की ओर से लंबे समय से छठ पूजा के लिए स्थायी घाट बनाने की मांग की जा रही थी। लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बब्याल में इस घाट का निर्माण करवाया गया है, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के छठ महापर्व मना सकें। उन्होंने अधिकारियों से घाट पर उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही आश्वासन दिया कि अगले साल छठ पर्व से पहले यहां चेंजिंग रूम की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी।
बब्याल में छठ घाट बनने से पूर्वांचल समाज के लोगों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने मंत्री अनिल विज का आभार जताते हुए कहा कि स्थायी घाट की सुविधा मिलने से अब उन्हें छठ पूजा के लिए अस्थायी या कच्चे घाट तैयार नहीं करने पड़ेंगे। वे व्यवस्थित तरीके से अपने पारंपरिक पर्व का आयोजन कर सकेंगे।
गौरतलब है कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालु पानी में खड़े होकर डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देते हैं। इस पूजा में घाट और पानी की उचित व्यवस्था का विशेष महत्व होता है। बब्याल में स्थायी छठ घाट बनने से अंबाला कैंट और आसपास रहने वाले पूर्वांचल के परिवारों को पर्व के आयोजन में सुविधा मिलेगी।