मंडी, धर्मवीर -सुंदरनगर बस अड्डे पर अवैध ऑटो-टैक्सी पार्किंग और HRTC चालक-परिचालक के साथ मारपीट के मामले में कार्रवाई न होने से निगम कर्मचारियों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। अब HRTC की दोनों कर्मचारी यूनियनों ने 22 नवंबर को सुंदरनगर क्षेत्र में बसों का चक्का जाम करने की चेतावनी दी है। यूनियन ने प्रबंधन को 10 दिन का अल्टीमेटम देते हुए साफ किया है कि यदि इस अवधि में उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो बस सेवाएं बंद कर आंदोलन शुरू किया जाएगा।
गुरुवार को स्टेट HRTC कंडक्टर यूनियन और ड्राइवर यूनियन के राज्य एवं मंडलीय पदाधिकारियों ने संयुक्त बैठक की। बैठक के बाद क्षेत्रीय प्रबंधक सुंदरनगर को रिमाइंडर नोटिस सौंपकर पहले उठाई गई मांगों पर कार्रवाई की मांग की गई।
यूनियन के अनुसार, बीते 31 अक्टूबर को सुंदरनगर बस अड्डे पर एक ऑटो-टैक्सी चालक ने HRTC के चालक और परिचालक के साथ मारपीट की थी। घटना को लेकर सुंदरनगर पुलिस थाने में FIR भी दर्ज करवाई गई थी, लेकिन यूनियन का आरोप है कि अब तक आरोपी के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इसके अलावा बस अड्डे परिसर में अवैध रूप से खड़े ऑटो-टैक्सियों के कारण भी कर्मचारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए स्टेट HRTC कंडक्टर यूनियन के वरिष्ठ उपप्रधान नवीन ठाकुर ने कहा कि इस मामले को एसडीएम सुंदरनगर, उपायुक्त मंडी और क्षेत्रीय प्रबंधक के समक्ष कई बार उठाया जा चुका है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष कानून बनाने की मांग भी उठाई।नवीन ठाकुर ने कहा कि यूनियन नहीं चाहती कि आम जनता को बस सेवाएं बंद होने से परेशानी हो, लेकिन कर्मचारियों की सुरक्षा और सम्मान से समझौता भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि 10 दिन के भीतर मांगें पूरी नहीं हुईं तो 22 नवंबर को सुंदरनगर क्षेत्र में HRTC बसों का संचालन रोक दिया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी निगम प्रबंधन और सरकार की होगी।