Summer express, डबवाली | डबवाली के नजदीकी गांव डूमवाली स्थित सेंचुरी सिटी सिनेमा में पॉपकॉर्न को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। फिल्म देखने पहुंचे दो पक्षों के बीच हुई कहासुनी के बाद एक युवक पर कथित तौर पर कृपाण से हमला कर दिया गया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे बठिंडा के मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह आईसीयू में उपचाराधीन है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, डबवाली के वार्ड नंबर-11 निवासी विजय मिड्ढा उर्फ निक्का का परिवार रात को गांव डूमवाली स्थित सेंचुरी सिटी सिनेमा में फिल्म देखने गया था। परिवार के साथ उनका बेटा मेहर मिड्ढा भी मौजूद था, जो बंगलूरू में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत है। बताया जा रहा है कि सिनेमा हॉल में पॉपकॉर्न खरीदने को लेकर मेहर और वहां पॉपकॉर्न बेचने वाले कुछ लोगों के बीच कहासुनी हो गई। शुरुआत में मामूली नजर आने वाला विवाद जल्द ही बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच झगड़ा शुरू हो गया।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि पॉपकॉर्न बेचने वाले कुछ लोगों ने मेहर के साथ बहस की और विवाद बढ़ने पर उस पर कृपाण से हमला कर दिया। हमले में उसके हाथ पर गंभीर चोट आई। अचानक हुई इस वारदात से सिनेमा हॉल में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और अन्य लोग घायल मेहर को तुरंत बठिंडा के मैक्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। फिलहाल वह आईसीयू में भर्ती है।
मेहर के पिता विजय मिड्ढा उर्फ निक्का ने बताया कि उनका बेटा बंगलूरू में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है और दिवाली मनाने के लिए घर आया था। परिवार के साथ फिल्म देखने जाने के दौरान यह घटना हो गई। परिजनों ने पथराला पुलिस चौकी में शिकायत देकर हमले में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पथराला पुलिस चौकी के प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि घायल युवक की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने फिलहाल उसे बयान देने के लिए सक्षम नहीं बताया है। पुलिस उसके बयान दर्ज होने का इंतजार कर रही है। चौकी प्रभारी के अनुसार, सिनेमा हॉल प्रबंधन से भी घटना के संबंध में जानकारी ली जाएगी और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच की जाएगी।
पुलिस मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। घायल युवक के बयान और सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद ही विवाद की पूरी वजह और हमले में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।