सोनिया गांधी के खिलाफ अभद्र भाषा के इस्तेमाल पर लोक निर्माण मंत्री ने जताई नाराजगी
Summer express/शिमला/संजू-:मंडी से भाजपा सांसद कंगना रनौत की ओर से कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी को लेकर की गई कथित अभद्र टिप्पणी पर हिमाचल प्रदेश की सियासत गरमा गई है। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कंगना के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहते हुए नेताओं को अपनी भाषा और मर्यादा का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि सोनिया गांधी के खिलाफ जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया गया है, वह किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं हो सकती। उन्होंने कंगना रनौत पर निशाना साधते हुए कहा कि बिना किसी वजह के इस तरह की बयानबाजी करना उचित नहीं है।लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि दो-तीन दिन पहले सोनिया गांधी को लेकर की गई टिप्पणी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।उनका कहना है कि कोई भी सभ्य और शिक्षित व्यक्ति इस तरह की भाषा का इस्तेमाल नहीं कर सकता।विक्रमादित्य सिंह ने इस पूरे मामले को हिमाचल प्रदेश की संस्कृति और सामाजिक परंपराओं से जोड़ते हुए कहा कि इस तरह की बयानबाजी प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान पर काला धब्बा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल अपनी सभ्यता, शालीनता और आपसी सम्मान के लिए जाना जाता है। ऐसे में सार्वजनिक मंचों से इस तरह की भाषा का इस्तेमाल प्रदेश की छवि के लिए भी दुर्भाग्यपूर्ण है।उन्होंने नेताओं से राजनीतिक मतभेदों के बावजूद भाषा की गरिमा और सामाजिक मर्यादाओं को बनाए रखने की अपील की।