यमुनानगर | यमुनानगर के छोटा लापरा गांव में आपसी रंजिश ने देर रात हिंसा का भयावह रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि देखते ही देखते गांव की गलियां रणभूमि में तब्दील हो गईं। लाठी-डंडों से लेकर गंडासियों और पत्थरों तक का इस्तेमाल हुआ। झगड़े में 8 से 10 लोगों के घायल होने की खबर है, वहीं कुछ लोगों ने झगड़े के दौरान हवाई फायरिंग की बात भी कही है।
झगड़े की वजह एक युवक के कथित अपहरण को बताया जा रहा है। परिजनों के पहुंचते ही विवाद भड़क गया और हिंसा की चिंगारी पूरे गांव में फैल गई। महिलाएं जान बचाकर भागती नजर आईं और लोग घरों में दुबक गए।
घटना के बाद भारी पुलिस बल गांव में तैनात कर दिया गया। गांव को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। पुलिस ने घर-घर तलाशी शुरू की है और सीसीटीवी फुटेज के जरिए उपद्रवियों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की बात कही है।
यह घटना इलाके की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है और पुलिस की सजगता की असली परीक्षा बन चुकी है।