नई दिल्ली | मेघालय हनीमून मर्डर केस की मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को जेल में एक महीना हो चुका है, लेकिन न तो उसके तेवर बदले हैं और न ही उसे अपने पति की हत्या का कोई पछतावा है। इंदौर के रहने वाले राजा रघुवंशी की हत्या के मामले में सोनम फिलहाल शिलांग जेल में बंद है।
जेल में भी ‘बिंदास’ सोनम
सूत्रों के मुताबिक सोनम जेल के माहौल में घुल-मिल चुकी है। वह रोज सुबह तय वक्त पर उठती है, नियमों का पालन करती है और अन्य महिला कैदियों से सामान्य व्यवहार रखती है। लेकिन अपने पति की हत्या पर वह किसी से कोई बातचीत नहीं करती।
अकेली, लेकिन शांत
सोनम न ही अपने परिवार से मिल रही है और न ही किसी से फोन पर संपर्क कर रही है। जेल प्रशासन ने उसे अब तक कोई काम नहीं सौंपा, लेकिन जल्द ही उसे सिलाई व कौशल विकास से जुड़े काम सिखाए जाएंगे।
ऐसे हुई थी हत्या
राजा और सोनम की शादी 11 मई को हुई थी और 20 मई को दोनों हनीमून पर मेघालय गए थे। कुछ दिनों बाद दोनों लापता हो गए और 2 जून को राजा का शव एक खाई में मिला। सोनम ने 7 जून को यूपी के गाजीपुर में आत्मसमर्पण कर दिया। जांच में खुलासा हुआ कि सोनम ने अपने प्रेमी राज और अन्य साथियों के साथ मिलकर राजा की हत्या की थी।
यह सनसनीखेज मामला अब भी चर्चाओं में है, और सोनम की जेल में चुप्पी इस केस को और भी रहस्यमय बना रही है।