करनाल | अमेरिका के कैलिफोर्निया से एक दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां करनाल के हथलाना गांव के रहने वाले युवक संजीव (32) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। संजीव वर्ष 2016 में डंकी रूट के जरिए अमेरिका पहुंचा था और काफी मेहनत के बाद उसे ग्रीन कार्ड भी मिल गया था।
परिवार के मुताबिक, संजीव जल्द ही भारत लौटने वाला था और 26 जुलाई की फ्लाइट बुक थी। विदेश में सैटल होने के बाद वह अपने छोटे भाई के साथ एक रैस्टोरेंट में काम कर रहा था। बीती रात जब वह खाना लेने के लिए निकला, तो काफी देर तक लौटकर नहीं आया। संपर्क न होने पर उसके भाई ने कैलिफोर्निया पुलिस को सूचना दी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, संजीव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल हमलावर की पहचान नहीं हो सकी है। इलाके के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जांच जारी है।
संजीव की मौत की खबर जैसे ही उसके परिवार को मिली, गांव में मातम छा गया। परिजन बेटे की एक झलक पाने को बेसब्र हैं, जबकि विदेश में शव को भारत लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।