गोहाना | हरियाणा में कलाकारों पर हमलों का सिलसिला थम नहीं रहा। राहुल फाजिलपुरिया पर फायरिंग के बाद अब हरियाणवी गायक और कलाकार मीता बरोदा पर जानलेवा हमला हुआ है। जानकारी के अनुसार, मीता बरोदा अपने निर्माणाधीन फॉर्म हाउस पर दो-तीन साथियों के साथ खड़े थे तभी गांव का ही मंजीत अपने तीन-चार साथियों के साथ वहां पहुंचा और अचानक फायरिंग शुरू कर दी।
मीता बरोदा ने बताया कि मंजीत ने उन पर दो गोलियां चलाईं, लेकिन तीसरी गोली मिस हो गई। इसी दौरान मीता ने साहस दिखाते हुए हमलावर मंजीत को दबोच लिया और उसके पास से दो पिस्टल छीन लीं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मीता का आरोप है कि मंजीत ने राजनीतिक रंजिश के चलते हमला किया। मीता ने विधानसभा चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार डॉ. कपूर नरवाल के समर्थन में प्रचार किया था, जिससे मंजीत नाराज था। बरोदा थाना पुलिस ने मंजीत के खिलाफ जानलेवा हमले का केस दर्ज कर लिया है और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।