Bilaspur, Subhash
चिट्टा तस्करी जैसे गंभीर मामलों पर जागरूकता के नाम पर सोशल मीडिया पर भ्रामक और तथ्यहीन वीडियो डालने वालों को अब संभल जाना चाहिए। बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने ऐसे लोगों को कड़ी चेतावनी दी है और साफ कहा है कि पुलिस को गुमराह करना और कानून की प्रक्रिया में हस्तक्षेप करना एक दंडनीय अपराध है।
एसपी संदीप धवल ने कहा कि कुछ लोग सोशल मीडिया पर झूठे वीडियो डालकर तस्करी के खिलाफ जागरूकता फैलाने का दावा करते हैं, लेकिन हकीकत में वे न तो तथ्य प्रस्तुत करते हैं, न ही पुलिस को सूचना देते हैं, जिससे जांच प्रक्रिया प्रभावित होती है।ऐसे मामले सामने आए हैं, जहां वीडियो वायरल होने के बाद जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो कोई ठोस प्रमाण नहीं मिला। ये न सिर्फ अफवाहें फैलाते हैं, बल्कि जांच में भी बाधा डालते हैं.उन्होंने स्पष्ट किया कि आईटी एक्ट के तहत ऐसे कृत्य अपराध की श्रेणी में आते हैं, और झूठे या मनगढ़ंत वीडियो पोस्ट करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसपी ने लोगों से अपील की कि यदि किसी को नशीली दवाओं की तस्करी या अन्य संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी हो, तो पहले पुलिस को सूचित करें, न कि सोशल मीडिया पर बिना प्रमाण के पोस्ट करें।कानून का पालन हर नागरिक की जिम्मेदारी है। तलाशी और जांच की प्रक्रिया एक तय कानून के तहत होती है, जिसकी नकल करना या उससे छेड़छाड़ करना गंभीर अपराध है,”
पुलिस प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि वे जनहित में लगातार सक्रिय हैं, लेकिन कानूनी प्रक्रिया को कमजोर करने वाले तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।