ईरान | ईरान के दक्षिण-पूर्वी प्रांत सिस्तान और बलूचिस्तान में शनिवार को आतंकियों ने एक अदालत परिसर को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग और ग्रेनेड हमला किया। इस हमले में एक बच्चे सहित कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने तीन हमलावरों को ढेर कर दिया।
हमला राजधानी तेहरान से करीब 1,130 किलोमीटर दूर प्रांतीय राजधानी जाहेदान में हुआ। घटनास्थल पर फौरन भारी सुरक्षा बलों को तैनात कर इलाके को घेर लिया गया। अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी ‘तस्नीम’ के मुताबिक, इस हमले के पीछे आतंकवादी संगठन जैश अल-अदल का हाथ हो सकता है, जो लंबे समय से बलूचिस्तान क्षेत्र की आज़ादी की मांग करता रहा है।
यह इलाका अफगानिस्तान और पाकिस्तान की सीमा से सटा है और लंबे समय से हिंसा, अलगाववादी गतिविधियों और तस्करी का केंद्र बना हुआ है। इससे पहले भी अक्टूबर में इसी प्रांत में पुलिस काफिले पर हमले में 10 जवान मारे गए थे।
फिलहाल पीड़ितों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन हमले ने एक बार फिर इलाके की संवेदनशीलता और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।