फतेहाबाद |फतेहाबाद में सोमवार देर रात रोडवेज कंडक्टर के साथ हुई मारपीट के विरोध में मंगलवार तड़के से रोडवेज कर्मचारियों ने हड़ताल कर दी। सुबह 3 बजे से बसों का संचालन पूरी तरह ठप है। खासकर दिल्ली, चंडीगढ़ और अन्य दूरगामी रूटों पर जाने वाली बसें नहीं चलाई गईं, जिससे यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
कर्मचारी नेताओं के अनुसार, हरिद्वार से लौट रही एक रोडवेज बस के कंडक्टर कृष्ण कुमार पर अग्रोहा मोड़ के पास 8-10 युवकों ने हमला कर दिया। बताया गया कि बस में हिसार से चढ़े एक यात्री ने बीएसएफ कैंप के पास उतरने की जिद की, लेकिन कंडक्टर ने वहां स्टॉप नहीं होने की जानकारी दी और अग्रोहा तक का टिकट लेने को कहा। इस बात से नाराज होकर युवक ने अपने साथियों को बुला लिया और अग्रोहा बस स्टॉप पर कंडक्टर और ड्राइवर के साथ मारपीट की।
कंडक्टर कृष्ण कुमार को गंभीर हालत में अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक बस संचालन शुरू नहीं किया जाएगा।